रेवाड़ी। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध में रेजांगला की वीरभूमि पर अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों की स्मृति में बुधवार को रेजांगला शौर्य दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वीर नारियों, मेधावी छात्राओं, खिलाड़ियों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
अखिल भारतीय यादव महासभा (अहीर), रेजांगला ट्रस्ट और रेजांगला शौर्य समिति के संयुक्त तत्वावधान में रेजांगला युद्ध स्मारक पर आयोजित समारोह में अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
समारोह का शुभारंभ सुबह नौ बजे वैदिक हवन के साथ हुआ। महात्मा यशदेव, मित्र सैन और यशवंत शास्त्री की टीम ने हवन संपन्न कराया। इसके बाद 13 कुमाऊं के सूबेदार सतीश के नेतृत्व में सैनिकों ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी। रेजांगला युद्ध के जीवित सैनिक हवलदार निहाल सिंह (सेना मेडल) और कप्तान रामचंद्र मोहनपुर भी समारोह में पहुंचे।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र पाल यादव, जिला अध्यक्ष नितिन यादव, प्रदेश महामंत्री जगमोहन यादव और रेजांगला शौर्य समिति के नरेश चौहान ने उन्हें स्मृति चिह्न और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
अखिल भारतीय यादव महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अनीता यादव ने कहा कि रेजांगला युद्ध भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। वीर सैनिकों का साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करना समाज का नैतिक दायित्व है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्रिगेडियर करतार सिंह ने कहा कि शौर्य दिवस केवल शहीदों को नमन करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके त्याग और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेने का दिन है।
मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित:
समिति अध्यक्ष राव संजय सिंह की ओर से रश्मि यादव स्मृति छात्रवृत्ति और सुरेंद्र सिंह राव के माध्यम से इंदिरा यादव स्मृति छात्रवृत्ति के तहत पांच मेधावी छात्राओं दिव्या, भारती, दिव्या शेखावत, जशनदीप कौर और दीपिका मेघवाल को 10-10 हजार रुपये दिए गए। वहीं पांच खिलाड़ी ज्योति, दीपिका, रिंकी, रिम्मी और रानी सोनी को दो-दो हजार रुपये और रेजांगला सम्मान प्रदान किया गया। समाजसेवी रमेश सचदेवा को भी सम्मानित किया गया। समारोह में वीर नारियां मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
ये रहे मौजूद :
विशिष्ट अतिथियों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राव धर्मपाल, ब्रिगेडियर देवेंद्र यादव (सेना मेडल), कमांडेंट अखिल जैन, रेजांगला ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राव केहर सिंह और सैनिक स्कूल के प्राचार्य कैप्टन बृज किशोर सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र पाल यादव ने अतिथियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया। मंच संचालन राव नरेश चौहान और जगमोहन यादव ने किया। जिला अध्यक्ष नितिन यादव ने सभी का आभार जताया। समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। भारतीय स्टेट बैंक की टीम ने पूर्व सैनिकों के जीवित प्रमाणपत्र से संबंधित प्रक्रिया भी पूरी की।