रेवाड़ी। ठंड बढ़ने के साथ ही फुटवियर बाजार में रौनक लौट आई है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म जूतों की खरीदारी कर रहे हैं। सबसे अधिक बिक्री स्पोर्ट्स और स्टाइलिश जूतों की हो रही है।
ठंड के मौसम में लोगों की प्राथमिकता गर्म और आरामदायक फुटवियर पर रहती है। इसी को देखते हुए दुकानदारों ने इस बार नई-नई डिजाइनों फुटविर मंगाए हैं। युवाओं में स्पोर्ट्स जूतों की सबसे अधिक मांग है, जबकि महिलाओं में स्टाइलिश जूते और बच्चों के लिए गर्म जूतों की बिक्री तेजी से हो रही है।
व्यापारियों के मुताबिक इस बार का सीजन पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर चल रहा हैं। हालांकि, उत्पादन लागत और ट्रांसपोर्टेशन खर्च बढ़ने के कारण जूतों की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है, फिर भी ठंड बढ़ने के साथ फुटवियर कारोबार में अच्छा मुनाफा होने की संभावना जताई जा रही है।
अलीगढ़ से मंगाया जा रहा फुटवियर का स्टॉक
फुटवियर विक्रेता श्याम गुप्ता ने बताया कि ग्राहकों की पसंद के अनुसार स्टाइलिश और ट्रेंडी जूतों का स्टॉक पहले से किया गया है। बाजारों में ऊनी जूते, फर वाले जूते, डिजाइनर जूते और बच्चों के लिए कार्टून प्रिंट वाले स्नीकर की मांग अधिक है। उन्होंने कहा कि ठंड के सीजन में जूते की बिक्री काफी अच्छी चल रही है। दुकानदार रोहित यादव ने बताया कि सभी फुटवियर का माल अलीगढ़ से मंगवाया जा रहा है। महिलाओं के लिए खासतौर पर फैशनेबल और आरामदायक जूतों का स्टॉक रखा गया है। युवा वर्ग ट्रेंडी स्पोर्ट्स शूज की ओर अधिक आकर्षित हो रहा है। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के साथ ही खरीदारी और तेज होने की उम्मीद है।
-
फुटवियर की वेरायटी- -दाम
ऊनी स्लीपर- -250 से 400 रुपये
लेदर शूज- - 3 से 8 हजार रुपये
कार्टून प्रिंट स्नीकर- -400 से 650 रुपये
ट्रेंडी स्पोर्ट्स शूज- - 1 हजार से 5 हजार रुपये