रेवाड़ी। क्रिसमस की खुशियां शहर के बाजार में नजर आने लगी हैं। खासतौर पर बच्चों को लुभाने वाली सांता क्लॉज की ड्रेस, टोपी, नकली दाढ़ी और म्यूजिकल खिलौने की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है।
दुकानदारों ने बढ़ती मांग को देखते हुए पहले से ही स्टॉक तैयार कर लिया है ताकि त्योहार के मौके पर किसी तरह की परेशानी न हो। बच्चों में क्रिसमस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिलता है। स्कूलों में होने वाले कार्यक्रम और घरों में जश्न मनाने के लिए लोग बच्चों के लिए सांता की ड्रेस और उपहार खरीद रहे हैं।
बाजार में क्रिसमस ट्री की कीमत 50 रुपये से 3 हजार रुपये तक है जबकि सांता की ड्रेस 275 रुपये से 2 हजार रुपये तक बिक रही है। टोपियों के साथ-साथ सांता हेयर बैंड भी बच्चों और युवाओं का आकर्षण बने हुए हैं। बाजारों में रंग-बिरंगी सांता ड्रेस, बेल, स्टार, क्रिसमस ट्री के सजावट के सामान और तरह-तरह के म्यूजिकल खिलौने खूब बिक रहे हैं
गुज्जर चौक के दुकानदार लाला भाई ने बताया कि बाजार में विभिन्न तरह के क्रिसमस ट्री, जिंगल बेल, सांता की ड्रेस और टोपियां उपलब्ध हैं। म्यूजिक बजाते हुए डांस करता हुआ सांता क्लॉज भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है। दुकानदार प्रदीप ने बताया कि बाजार में घड़ियां, लड़ियां और म्यूजिकल खिलौने भी खूब बिक रहे हैं।
क्रिसमस के लिए लोग डेकोरेशन और गिफ्ट खरीदने के लिए बाजारों में आ रहे हैं। ग्राहकों की बढ़ती मांग को देखते हुए दुकानदारों ने पहले ही पर्याप्त सामान मंगवा लिया है और इस बार बेहतर व्यापार की उम्मीद जताई जा रही है।
-
क्रिसमस सामग्री की कीमतें :
सामग्रीकीमत
क्रिसमस ट्री50 रुपये3000 रुपये
सजावट सहित ट्री500 रुपये5000 रुपये
सांता क्लॉज ड्रेस275 रुपये2000 रुपये
सांता टोपी30 रुपये150 रुपये
सजावटी बॉल्स10 रुपये35 रुपये
स्टार्स10 रुपये125 रुपये
सांता क्लॉज खिलौने10 रुपये150 रुपये
सांता का चश्मा40 रुपये50 रुपये