रेवाड़ी। मौसम में आए बदलाव के बाद जिले में सुबह-शाम ठंडक बढ़ गई है। तापमान में गिरावट का सीधा असर शहर के बाजारों पर दिखाई दे रहा है, जहां ऊनी कपड़ों की मांग तेजी से आ गई है। मफलर, टोपी, दस्ताने और स्वेटर खरीदने के लिए लोग पहुंच रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार इस बार ठंड ने समय से पहले दस्तक दे दी है। इससे ऊनी वस्त्रों का कारोबार पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहेगा। पिछले सप्ताह तक बिक्री सुस्त थी, लेकिन अब बाजार में रौनक लौट आई है।
शहर के बाजारों में ऊनी मफलर, बच्चों की टोपियां, कान ढकने वाली पट्टियां और रंग-बिरंगे ऊनी कैप खूब बिक रहे हैं। महिलाओं के लिए इस बार ट्रेंडी मफलर और डिजाइनर ऊनी दुपट्टों की नई रेंज आकर्षण का केंद्र बनी है। वहीं युवाओं के बीच स्टाइलिश कैप और फैशनेबल मफलर की मांग तेजी से बढ़ी है। बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली टोपियों की बिक्री भी काफी बढ़ गई है।
दुकानदार विजय, विक्की सैनी व राजेंद्र यादव का कहना है कि ठंड बढ़ते ही ग्राहकों की संख्या में तेजी आई है। पहले लोग हल्के ऊनी कपड़ों पर ध्यान देते थे लेकिन अब गर्म स्वेटर, जैकेट, टोपी और दस्ताने की बिक्री में तेजी आ गई है। दुकानदारों का अनुमान है कि यदि ठंड इसी तरह बढ़ती रही तो अगले सप्ताह तक बिक्री और अधिक बढ़ जाएगी।
-
गर्म कपड़ों के दाम पर एक नजर
मफलर (साधारण ऊन): 120–180 रुपये
मफलर (डिजाइनर): 250–300 रुपये
टोपी (साधारण): 50–150 रुपये
टोपी (डबल लेयर): 150–250 रुपये
दस्ताने (फुल फिंगर): 100–140 रुपये
दस्ताने (ऊनी वार्म): 150–180 रुपये
ऊनी टोपी: 150–200 रुपये
बच्चों की कार्टून कैप: 120–220 रुपये