फोटो : 23मामले की जानकारी देते लोग। स्रोत : स्थानीय नागरिक
धारूहेड़ा। हरिनगर कॉलोनी स्थित 72 कनाल जमीन की रजिस्ट्री को लेकर विवाद गहरा गया है। जमीन मालिकों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए उनकी रजिस्ट्री पर हंगामा किया और सेल डीड का विरोध किया। इस पर मालिकों ने प्रशासन से सख्त कदम उठाने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सोमवार को वे उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे।
स्थानीय नाईवाली चौक स्थित एक ट्यूरिस्ट कॉम्पलेक्स में बैठक के दौरान जमीन मालिक ब्रह्मजीत, मुकेश कुमार व कृष्ण कुमार ने बताया कि वे 2011 से इस 72 कनाल जमीन के वैध मालिक हैं और इसका इंतकाल राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है।
उन्होंने कहा कि गत 12 सितंबर को धारूहेड़ा तहसील में जब नियमानुसार जमीन की रजिस्ट्री की प्रक्रिया चल रही थी, तभी इस पर कब्जा जमाए बैठे कुछ शरारती तत्व वहां पहुंच गए और हंगामा करने लगे। आरोप है कि इन लोगों ने तहसीलदार पर दबाव बनाकर रजिस्ट्री रद्द करने की मांग की। विवाद बढ़ने पर तहसीलदार ने प्रक्रिया को रोक दिया।
जमीन मालिकों ने कहा कि कोर्ट की ओर से इस जमीन पर किसी भी प्रकार का स्टे ऑर्डर नहीं है, ऐसे में उनकी रजिस्ट्री रोकी जाना अनुचित है। उन्होंने मांग की कि कब्जाधारियों के दबाव में आकर रजिस्ट्री रद्द न की जाए और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर अशोक कुमार, दुष्यंत यादव, वेद शर्मा व पूर्व पीपी अशोक सहित कई लोग मौजूद रहे।