रेवाड़ी। बीएमजी सिटी स्थित अंतरिक्ष टावर-2 में रहने वाली एक महिला को आईजीएल मीटर रीडिंग के नाम पर भेजा गया वॉट्सऐप लिंक खोलना महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने लिंक के जरिये महिला के बैंक खाते से चार बार में 17.40 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शिखा शर्मा ने बताया कि 31 अक्तूबर को उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का कॉल आया। उसने खुद को आईजीएल का मीटर रीडिंग कर्मचारी बताया और वॉट्सऐप पर एक लिंक भेजा।
शिखा ने जैसे ही लिंक खोला, उनके खाते से रुपये निकलने शुरू हो गए। आरोप है कि कॉल करने वाला व्यक्ति उन्हें लगातार निर्देश देता रहा और वह उसके बताए अनुसार प्रक्रिया करती रहीं। इसके बाद साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से रकम निकाल ली।
चार बार में निकाले 17.40 लाख रुपये : शिकायत के अनुसार, 31 अक्तूबर को खाते से चार ट्रांजेक्शन के जरिये कुल 17.40 लाख रुपये निकाले गए। पहली बार में छह लाख, दूसरी बार में 3.50 लाख, तीसरी बार में 3.90 लाख और चौथी बार में चार लाख रुपये निकाले गए। ट्रांजेक्शन में एचडीएफसी ईवीसी और स्किल पायलट्स के नाम सामने आए हैं।
दो मोबाइल नंबरों से किया संपर्क
पीड़िता के अनुसार, 7479973877 नंबर से उन्हें कॉल की गई थी, जबकि 8755454857 नंबर से वॉट्सऐप पर लिंक भेजा गया था। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मोबाइल नंबरों और बैंक खातों से संबंधित लेनदेन की जांच कर रही है।