रेवाड़ी। आगरा और मथुरा जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। जिले के कोसली सब डिपो से आगरा के लिए रोडवेज बस सेवा दोबारा शुरू कर दी गई है। यह बस कोसली से सुबह 4 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी और रेवाड़ी होते हुए पलवल, होडल, कोसी और मथुरा के रास्ते दोपहर करीब 12 बजे आगरा पहुंचेगी।
इस बस सेवा से रेवाड़ी के साथ गुरुग्राम और पलवल जिले के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। खासकर बावल और धारूहेड़ा के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आवागमन आसान होगा।
रोडवेज की यह बस सेवा पहले भी संचालित होती थी, लेकिन यात्रियों की कम बुकिंग मिलने के कारण इसे बंद कर दिया गया था। अब शादी के सीजन में यात्रियों की संभावित बढ़ती संख्या को देखते हुए विभाग ने इसे फिर से शुरू किया है।
बस कोसली से चलकर सुबह 6 बजकर 20 मिनट पर रेवाड़ी पहुंचेगी। इसके बाद भिवाड़ी, सोहना और पलवल होते हुए मथुरा के रास्ते आगरा जाएगी। निर्धारित समय के अनुसार बस दोपहर 12 बजे तक आगरा पहुंचेगी।
वापसी में दोपहर चलेगी बस
आगरा से वापसी के लिए बस दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर रवाना होगी। यह दोपहर 3 बजकर 40 पर पलवल पहुंचेगी और वहां से रेवाड़ी होते हुए शाम करीब 6 बजकर 40 पर कोसली पहुंचेगी। इस रूट पर बस कोसली, रेवाड़ी, भिवाड़ी, सोहना, पलवल, होडल, कोसी, मथुरा और फरह होते हुए आगरा तक संचालित होगी।
कोसली से 380 और रेवाड़ी से 335 रुपये किराया
बस में कोसली से आगरा तक का किराया 380 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि रेवाड़ी से आगरा जाने वाले यात्रियों को 335 रुपये देने होंगे। सीधी बस सुविधा मिलने से यात्रियों को बीच रास्ते में वाहन बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले उत्तर प्रदेश के कर्मचारी भी इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। दूसरी ओर रेवाड़ी डिपो से खाटूश्याम और बालाजी जैसे धार्मिक स्थलों के लिए बस सेवा बंद होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। श्रद्धालुओं को इन स्थानों तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
वर्जन
आगरा रूट पर बस का दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया है। यात्रियों की मांग के अनुसार अन्य रूटों पर भी रोडवेज बसों का संचालन किया जाएगा।-जसवंत सिंह, कार्य निरीक्षक, रोडवेज।