कोसली। शहर की अधिकांश गलियों में जलनिकासी का प्रबंध नहीं होने से सड़कों पर दूषित पानी भरा रहता है। इसकी वजह से पहले से ही क्षतिग्रस्त सड़कें और खराब हो रही हैं। साथ ही बीमारियां फैलने का डर भी बना रहता है।
सड़क पर पानी भरने से वाहनों के आने जाने पर राहगीरों पर दूषित पानी के छीटें पड़ते हैं। कोसली के नठेड़ा की और जाने वाले रास्ते का हाल बेहाल है। वहीं, केंद्री विद्यालय की तरफ जाने वाले रास्ते पर सीवरेज लाइन ओवरफ्लो होने से दूषित पानी सड़क पर फैलने के कारण स्कूल में आने जाने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। इसके साथ ही कुछ कालोनियों के रास्ते क्षतिग्रस्त होने के कारण आवागमन में बाधा होती है। इसके अलावा शहर के आम रास्तों पर अतिक्रमण का भी बोल बाला है। प्रशासन की लापरवाही के चलते कई जगह स्थाई अतिक्रमण हो गया है।
कोसली शहर व आसपास की काॅलोनियों में सीवर लाइन की देखरेख व सफाई ना होने से ब्लाक होकर सीवर का दूषित पानी सड़कों पर भर जाता है जिससे महिलाएं व छोटे बच्चों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। समाधान के लिए लोगों ने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचित किया, उसके बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है। वहीं, अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस और ध्यान दिया जाएगा।
सुरेंद्र, राजेश, देवेन्द्र, पवन, प्रेम कुमार का कहना है कि जनस्वास्थ्य विभाग को बार-बार अवगत करवाने के बाद भी बंद पड़े सीवर की सफाई नहीं कराई गई।इससे दूषित पानी सड़क पर भर रहा है। गंदगी से बदबू उठ रहा है जिससे लोग परेशान हैं।
-
वर्जन:
प्रभावित रास्ते पर सीवर को ठीक कराने का कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा। उनके संज्ञान में मामला आया है, जल्द ही इसका समाधान करवाया जाएगा।- अशोक कुमार, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग