नगर परिषद की सुस्ती के कारण दुकानदारों द्वारा सड़कों पर अतिक्रमण के कारण दिनभर बाजार में जाम की स्थिति बनी रहती है। आलम यह है कि बाजार में पैदल चलने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधिकारियों को शिकायत के बाद भी स्थिति ज्यों की त्यों बनी हुई है। शहर के पंजाबी मार्केट, घंटेश्वर मार्केट, गोकल गेट, रेलवे रोड, अपना बाजार, नया बाजार व गुड़ बाजार में पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।
उल्लेखनीय है कि बाजारों में दुकानदारों द्वारा सड़कों के किनारे पर सामान रख दिए जाने से सड़कें संकरी हो गई है। इसके अलावा रेहड़ी संचालक भी सड़क के बीच रेहड़ियों को खड़ा कर देते हैं, जिससे लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। ऐसे में कई बार हादसे भी हो चुके हैं।
दुकानदार और राहगीरों में होता है झगड़ा
सड़कों पर अतिक्रमण के कारण कई बार राहगीरों व दुकानदारों में झगड़े भी हो चुके हैं। राहगीरों द्वारा सड़कों पर रखे सामान को हटाए जाने से नाराज दुकानदार झगड़ा करने पर उतारू हो जाते हैं। ऐसे में पुलिस कर्मचारियों द्वारा मौके पर पहुंच कर सुुलह भी कराई गई है।
एक माह पूर्व चलाया था अभियान
नगर परिषद की ओर से करीब एक माह पूर्व अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया था, लेकिन फिलहाल स्थिति ज्यों की त्यों हो गई है। अब नगर परिषद भी दोबारा से अभियान चलाने की बजाय अतिक्रमण पर मौन साधे हुआ है। बाजारों में जाम की वजह से दस मिनट का सफर तय करने में ही आधा घंटे से भी अधिक का समय लग जाता है। अतिक्रमण की वजह से नगर परिषद द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं करना है जिसकी वजह से अभियान के बाद फिर वहीं हालात हो जाते हैं।
जल्द करेंगे कार्रवाई : ईओ
नगर परिषद के ईओ मनोज यादव ने इस संबंध में कहा कि समय-समय पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाता है। कई बार अभियान चला कर सड़कों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा। कई बार जाम लगाने वाले दुकानदारों व रेहड़ी वालों के चालान भी काटे गए हैं।