फोटो : 9प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी जीत हासिल करने के बाद खुशी जाहिर करते। स्रोत : स्कूल
रेवाड़ी। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बीकानेर में खंड स्तरीय योग प्रतियोगिता (बाल) का आयोजन किया गया। प्राचार्य मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी योग गुरु दयाराम आर्य ने मुख्य अतिथि के रूप में की। योग प्रतियोगिता में रेवाड़ी खंड के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।
मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करते हुए योग साधकों को कठिन योग क्रियाओं के नियमित अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने योग प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति का परिचायक है। हमें नियमित रूप से योग प्राणायाम का अभ्यास कर अपने आप को स्वस्थ रखना चाहिए।
योग अध्यापक मुकेश कुमार ने बताया कि खंड स्तरीय योग प्रतियोगिताओं में शारीरिक शिक्षक नवल सिंह, जयसिंह, चंपा देवी, महेश कुमार, कुसुम लता आदि ने निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई।
शारीरिक शिक्षक राजेश कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित बालक वर्ग प्रतियोगिता अंडर -14 आयु वर्ग में गुरुकुल से ऋषिकेश ने प्रथम, दीपेश ने द्वितीय, यश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर -17 आयु वर्ग में गुरुकुल के उत्तम सागर प्रथम, नेगी ने द्वितीय, गुरुकुल के विशाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर -19 आयु वर्ग में अभिजीत ने प्रथम, माहेश्वरी के निशांत ने द्वितीय तथा हिमांशु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।