रेवाड़ी। चीन के हांगझोऊ में चल रहे एशियन गेम्स में रेवाड़ी में तैनात डीएसपी नरेंद्र सांगवान की बेटी रिदम सांगवान ने शूटिंग में महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल रैपिड फायर में स्वर्ण पदक जीता है। उनका यह 26वां इंटरनेशनल पदक है। बेटी की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। डीएसपी ने बेटी को बधाई दी है।
डीएसपी ने बताया कि 2016 में वह फरीदाबाद में सूरजकुंड एसएचओ थे। उन्होंने बेटी को शूटिंग अकादमी ज्वाइन कराई थी। इसके बाद से ही बेटी ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 25 पदक हासिल किए हैं। इसमें 16 स्वर्ण पदक शामिल हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इसी साल अजरबेजान की राजधानी बाकू में आयोजित हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में 25 मीटर पिस्टल रैपिड फायर में 600 में से 595 अंक हासिल कर पिछले 29 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि रिदम के कोच विनीत कुमार का बेटी को इस मुकाम पर पहुंचाने का अहम रोल रहा है। उन्होंने बताया कि रिदम ने फरीदाबाद में डीपीएस स्कूल से 12वीं की है। अभी वहीं एक कॉलेज में बीकॉम सेकंड ईयर में पढ़ रही है। उनका कहना है कि बेटियों को बेटों से कम कभी भी कम नहीं समझना चाहिए।