रेवाड़ी/कोसली। क्षेत्र के गांव जुड्डी में रविवार रात एक तरफा प्यार में पागल पड़ोसी युवक से परेशान होकर विवाहिता ने फांसी लगा जान दे दी।
जानकारी मुताबिक युवक विवाहिता के ससुराल जाकर भी छेड़छाड़ करता था, जिसके बाद पिछले कुछ समय से विवाहिता मायके में ही रह रही थी। पुलिस ने मृतका गीतांजलि के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है, जिसमें आत्महत्या करने के पीछे मनचले युवक हेमंत और उसके परिजनों को कारण बताया है। फिलहाल पुलिस ने सुसाइड नोट और विवाहिता के परिजनों की शिकायत के आधार पर हेमंत और उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जानकारी मिली है कि युवक की हरकतों से परेशान विवाहिता ने इसकी जानकारी परिजनों को भी दी थी। जिसके बाद युवक के परिजनों को भी अवगत करवाया गया, गांव स्तर पर पंचायत भी हुई। यही नहीं बीते माह हेमंत और उसके परिजनों पर दयाराम के घर में घुसकर मारपीट और छेड़खानी करने का भी आरोप है। इसके बाद पीड़ित दयाराम ने आरोपियों को खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में पिता-पुत्र को जेल भेज दिया गया था, दोनों हाल ही में जमानत पर बाहर आए थे।
नवंबर में हुई थी शादी
गांव जुड्डी निवासी दयाराम की बेटी गीतांजलि (23) की शादी गत नवंबर में गांव कालूवास में हुई थी। जानकारी मुताबिक मायके में ही उसके पड़ोस में रहने वाले वेदप्रकाश का बेटा हेमंत गीतांजलि से एकतरफा प्यार करता था। शादी के बाद भी हेमंत उसके ससुराल तक जाता और उससे छेड़छाड़ करता रहा। इसके बाद गीतांजलि पिछले कुछ समय से मायके में ही आकर रह रही थी। सोमवार सुबह गीतांजलि का शव कमरे में चुन्नी के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस को शव के पास सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस के अनुसार सुसाइड नोट में हेमंत और उसके परिजनों को आत्महत्या के लिए मजबूर करने का जिम्मेदार ठहराया गया है। फिलहाल पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
महीने भर पहले पिता-पुत्र गए थे जेल
पुलिस को दी जानकारी में गीतांजलि के परिजनों ने बताया कि हेमंत के ज्यादा परेशान करने पर गीतांजलि ने मामले की जानकारी परिजनों को दी थी। इसके बाद गीतांजलि के परिजनों ने वेदप्रकाश से उसके बेटे की शिकायत की थी। शिकायत के बाद भी हरकत नहीं सुधरी तो गांव स्तर पर पंचायत भी हुई थी। यहीं नहीं बीते माह हेमंत ने परिजनों के साथ मिलकर दयाराम के घर में घुसकर मारपीट और छेड़छाड़ की थी। घटना के बाद पीड़ित दयाराम ने आरोपियों को खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में दोनों को जेल भेज दिया गया था, दोनों हाल ही में जमानत पर आए थे।
गांव जुड्डी में विवाहिता के आत्महत्या करने केे मामले में पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है। सुसाइड नोट के आधार पर हेमंत व उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव मायके पक्ष को सौंप दिया गया है। -नरेंद्र कुमार, चौकी प्रभारी, नाहड़