जाटूसाना थाना में बरामद की गई राशि को गिनते पुलिसकर्मी।
- फोटो : Rewari
कोसली। जाटूसाना थाना पुलिस ने शनिवार की रात नाकाबंदी के दौरान एक कार से गत्ते के बॉक्स में छिपाकर ब्रेजा गाड़ी में ले जाए जा रहे 65 लाख रुपये जब्त किए हैं। रविवार सुबह चार बजे कार के अलावा दो लोगों को भी हिरासत में लेकर पुलिस ने गुरुग्राम आयकर विभाग को सूचित कर दिया। शाम 6 बजे गुरुग्राम से आई आयकर विभाग की टीम रुपये, गाड़ी व दोनों आरोपियों को साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार रुपये दादरी निवासी एक तेल व्यापारी के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है व्यापारी दादरी से अलवर जा रहा था। जाटूसाना थाना पुलिस ने अभी तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। शिकायत मिलने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जाटूसाना थाना पुलिस शनिवार को नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने कोसली की ओर से आ रही एक ब्रेजा कार को जांच के लिए रोक लिया। कार के अंदर गत्ते के दो बाक्स रखे हुए थे। पुलिस ने चालक से बाक्स में रखे सामान के बारे में पूछा तो उसने अनभिज्ञता जताई। चालक ने बताया कि कार मालिक पीछे दूसरी गाड़ी में आ रहे हैं। उन्होंने ही इस कार में ये बाक्स रखवाए हैं। कुछ समय बाद कार मालिक भी मौके पर पहुंच गया। जांच के दौरान पुलिस ने कार में गत्ते के दो बाक्स में छिपाकर रखी गई 65 लाख रुपये की नकदी बरामद कर ली। पुलिस ने नकदी के बारे में पूछताछ की तो तीनों कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
आयकर विभाग की टीम पहुंची
जाटूसाना थाना पुलिस ने कार से 65 लाख रुपये मिलने की सूचना आयकर विभाग को दी। गुरुग्राम से आयकर विभाग की टीम थाने पहुंची और जांच शुरू की। एक बाक्स में 30 लाख रुपये और दूसरे में 35 लाख रुपये छिपाकर रखे हुए थे। व्यापारी ने बताया कि वह तेल का व्यापार करता हैं और नकदी लेकर दादरी से रेवाड़ी होते हुए अलवर जा रहा था। उसने अलवर में सरसों का तेल खरीदा है और वह उसी की पेमेंट करने जा रहा था। शनिवार को छुट्टी होने के कारण नकद रुपये लेकर जा रहे थे। जिस व्यापारी से तेल खरीदा गया है, उन्होंने चेक लेने से इनकार कर दिया था और पूरी राशि नकद लेकर आनी पड़ी। आयकर विभाग की टीम ने नकदी को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच कर रही है। जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। बता दें कि दो बॉक्स में 10, 100, 500 व दो हजार के नोट बरामद किए गए हैं।
जाटूसाना थाने के इंस्पेक्टर रामानंद ने बताया कि जांच के दौरान गाड़ी में पैसे से भरे दो बॉक्स मिले। गिनने पर ये रुपये 65 लाख पाए गए। नियमानुसार कोई भी व्यक्ति तीन लाख कैश राशि ले जा सकता है। पैसे एक या दो नंबर के हैं ये आयकर विभाग ही बता सकता है। आयकर विभाग के इंस्पेक्टर आशीष पैसे, गाड़ी के ड्राइवर व मालिक को लेकर गुरुग्राम चले गए हैं। शिकायत के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।