रेवाड़ी के खोल में भालखी स्थित बसंत पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले 11वीं के छात्र को उसी बस ने कुचल दिया जिसमें सवार होकर वह लौट रहा था। बस में कंडक्टर नहीं होने के कारण छात्र दीपक अपने गांव पाली से कुछ दूर छोटे बच्चों को उतारकर दोबारा बस में चढ़ रहा था। इसी समय ड्राइवर ने बस चला दी। संतुलन बिगड़ने के कारण छात्र गिर पड़ा और बस के पिछले टायरों के नीचे आ गया। घायल को ट्रामा सेंटर लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरी तरफ सूचना देने के बावजूद देर शाम तक छात्र का पोस्टमार्टम नहीं होने पर परिजनों ने नाराजगी जताई है। रिश्तेदारों का कहना है कि रक्षाबंधन के दिन पोस्टमार्टम के बाद दाग देना पड़ेगा। इसी कारण अब परिवार में रक्षाबंधन कभी नहीं मनाया जाएगा। इस हादसे के लिए परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद बस में कंडक्टर
नहीं लगाया गया। इसी कारण यह हादसा हुआ।
मृतक के ताऊ सतीश ने बताया कि गांव पाली निवासी अतर सिंह का बेटा दीपक (16) भालखी स्थित बसंत पब्लिक स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। बुधवार दोपहर को छुट्टी होने के बाद रोज की तरह दीपक स्कूल बस से घर लौट रहा था। परिजनों का आरोप है कि बस में कंडक्टर नहीं था। इसकी शिकायत कई बार स्कूल प्रबंधन से की गई थी। बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हुई। सीनियर छात्र होने के चलते दीपक ही छोटे स्कूली बच्चों को उनके स्टॉपेज पर उतारता था। अपने गांव से कुछ ही दूरी पर बस के अगले गेट से दीपक छोटे बच्चों को उतारकर वापस बस में चढ़ रहा था। इसी दौरान ड्राइवर ने बस चला दी। अनियंत्रित होकर दीपक नीचे गिर गया और पिछले टायर के नीचे आ गया। गंभीर हालत में उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दीपक की मौत के बाद परिजनों का आरोप है कि पुलिस की लेट लतीफी के चलते ही शाम तक सामान्य अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम भी नहीं हो सका। फिलहाल देर शाम तक कुंड चौकी पुलिस ने मामले में चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अब कभी नहीं मनेगा रक्षाबंधन
मृतक के शोकाकुल परिजनों ने बताया कि दुर्घटना के बाद मामले की जानकारी तीन बजे से पहले ही कुंड चौकी प्रभारी यशवंत सिंह को दी गई थी बावजूद इसके पुलिस ने स्कूल प्रबंधक से सांठगांठ कर मामले में हीला-हवाली की। यही नहीं परिजनों के बयान के आधार पर मुकदमा तक लिखने से इनकार कर दिया। आरोप है कि पुलिस अगर समय पर पोस्टमार्टम कराती तो शाम तक ही पोस्टमार्टम हो जाता। रक्षाबंधन के दिन पोस्टमार्टम के बाद दाग लगेगा। ऐसे में घर में अब कभी रक्षाबंधन नहीं मनेगा। उधर स्कूल प्रबंधन ने बातचीत करने की कोशिश की गई लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
बसंत पब्लिक स्कूल की बस ने उसी स्कूल के छात्र को कुचल दिया है। खोल और रेवाड़ी में जाम होने के कारण देरी हुई थी। सांठगांठ के आरोप निराधार हैं। मृतक के पिता के बयान के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
- यशवंत सिंह, चौकी प्रभारी, कुंड