रेवाड़ी जिले की बैंक शाखाओं में मंगलवार से कैश की समस्या में सुधार होने लगा है, लेकिन एटीएम मशीनों में कैश का मसला हल होने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को बैंक शाखाओं में नई करेंसी जमा होने के साथ ही चेस्ट से भी अच्छा कैश आया, जिससे उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी नहीं हुई। वहीं एटीएम पहले जैसे ही ठप पड़े हैं। बुधवार को शहर में 82 एटीएम में से केवल 10 ही सुचारु रूप से काम कर रहे थे। इसके अलावा अन्य मशीनें आउट ऑफ कैश या आउट ऑफ सर्विस रहीं। ऐसे में एटीएम बूथ पर खड़े अधिकतर उपभोक्ता कैश के इंतजार में वापिस ही लौट गए।
पीएनबी में हुआ सुधार
कुछ निजी बैंकों को छोड़कर सरकारी बैंक शाखाओं में कैश की किल्लत पर कंट्रोल हुआ है। अनाजमंडी की पीएनबी शाखा में सोमवार को 16 लाख रुपये की नई करेंसी जमा हुई तथा 9 लाख रुपये चेस्ट से आया। जिससे उपभोक्ताओं को मनमुताबिक कैश मिल सका। वहीं दोपहर 3 बजे तक बैंक में काम भी समाप्त हो गया था।
हमारी बैंक शाखा में पिछले दो दिनों से कैश की बिल्कुल भी किल्लत नहीं है। वहीं अब उपभोक्ताओं को लंबी लाइन में भी खड़ा होना नहीं पड़ रहा है। लोगों को पूरा कैश मिल रहा है। इसके साथ ही हम कैशलेस के लिए अपने उपभोक्ताओं को प्रेरित कर रहे हैं।
चंद्रप्रकाश, ब्राच मैनेजर, पीएनबी