रेवाड़ी के बावल थाना क्षेत्र के एनएच-आठ पर सांझरपुर के पास एक ट्रक चालक ने एक अन्य ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई तथा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोटपुतली के गांव राजनोता निवासी ट्रक चालक दीपक अपने गांव के ही क्लीनर राकेश के साथ जयपुर से दिल्ली माल लेकर जा रहा था। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एक गाड़ी पलटने की वजह से आने जाने वाला ट्रैफिक एक ही लेन में चल रहा था। गांव सांझरपुर के पास पहुंचते ही दीपक ने आगे चल रहे दूसरे ट्रक में टक्कर मार दी। इस हादसे में क्लीनर राकेश की मौत हो गई, जबकि दीपक भी जख्मी हो गया। पुलिस ने राकेश के परिजनों की शिकायत पर आरोपी दीपक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एएसआई प्रीत सिंह ने बताया कि मिली शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।