रेवाड़ी जिले की अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट शर्मिला स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वह 24 जुलाई से शुरू हो रहे कॉमनवेल्थ पैरा गेम्स में भाग लेंगी। शर्मिला इस प्रतियोगिता के लिए चयनित हरियाणा की एकमात्र पैरा खिलाड़ी हैं। उनके चयन से जिले और पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
विज्ञापन
शर्मिला 23 जुलाई को भारतीय दल के साथ स्कॉटलैंड के लिए रवाना होंगी। वह 27 जुलाई को अपनी स्पर्धा में पदक जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। दिल्ली में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने भारतीय टीम को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कई पूर्व खिलाड़ी और गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
खेल मंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत देश का गौरव बढ़ाती है। शर्मिला पिछले तीन महीनों से तैयारी कर रही थीं। शर्मिला ने बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रशिक्षण केंद्र में तैयारी की। उन्होंने अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में तकनीकी और शारीरिक प्रशिक्षण प्राप्त किया। उनकी मेहनत से उन्हें कॉमनवेल्थ पैरा गेम्स में प्रतिनिधित्व का अवसर मिला। इससे पहले उनका चयन 57वीं नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी हुआ था।