त्योहारी सीजन में बरती गई लापरवाही का असर कोरोना संक्रमितों की मौत के बाद स्पष्ट दिखने लगा है। 15 से लेकर 17 नवंबर के बीच तीन दिन के दौरान सात कोरोना संक्रमित लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि इन सात मौतों में से स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक 15 नवंबर को शहर के टंडुवाडा निवासी 73 वर्षीय व्यक्ति की पीजीआई में हुई मौत का ही ऑडिट किया गया है। वहीं 12 नवंबर को गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में हुई 72 वर्षीय व्यापारी की मौत का ऑडिट भी बुधवार को ही किया गया है। ऐसे में पोर्टल पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 47 मौत अपडेट की गई हैं, 6 मौत के आंकड़े को ऑडिट के बाद अपडेट किया जाएगा। ऑडिट के तहत चिकित्सकों के बोर्ड द्वारा मृतक के मौत के कारणों को बताया जाता है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुुसार 15 को 04, 16 को 03 व 17 को एक मरीज की मौत हुई है।
बुधवार को मिले 85 नए पॉजिटिव मरीज
स्वास्थ्य विभाग द्वारा मंगलवार तक तक 105799 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 9330 कोविड-पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 8807 नागरिक कोविड संक्रमण से ठीक हुए हैं। 476 एक्टिव केस रह गए हैं तथा 95457 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है तथा शेष 1012 सैंपल की रिपोर्ट का इंतजार है। 42 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं, 433 कोविड मरीज होम आइसोलेट किए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से फैल रहा है संक्रमण
मेडिकल हेल्थ बुलेटिन के अनुसार बुधवार को मिले 85 नए कॉविड पॉजिटिव मरीजों में से 54 रेवाडी शहर, 7-7 धारूहेड़ा व पाली, 3-3 कोसली व बावल, तथा एक-एक केस बवाना गुर्जर, ढोकिया, नंगली परसापुर, इब्राहिमुपर, लाला, मलेसियावास, मुरलीपुर, तुर्कियावास, बगधला, टांकड़ी व पीथडावास से संबंधित हैं।
त्योहारी सीजन के बाद संक्रमण ने स्पीड पकड़ ली है, वहीं मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा है। 15 से 17 के बीच तीन दिन में 7 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि इनमें कुछ मौतों का ऑडिट होना बाकी है।
- डॉ. सर्वजीत थापर, पीएमओ नागरिक अस्पताल।
यह बात सही है कि त्योहारी सीजन में लापरवाही के चलते स्कूलों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में संक्रमण फैल रहा है। संक्रमित मरीजों की मौत के बाद ऑडिट किया जाता है। ऐसे में तीन दिन के दौरान हुई कुछ मौत का ऑडिट होना बाकी है।
- डॉ. विजय प्रकाश, कोविड-19 नोडल अधिकारी