रेवाड़ी। समस्त पटवारी एवं कानूनगो का धरना जिला सचिवालय के पास जारी है। सांकेतिक धरना एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर 18 व 19 जनवरी को भी जारी रहेगा।
धरना स्थल को संयुक्त किसान मोर्चा से प्रधान पृथ्वी सिंह, जय किसान आंदोलन से अभय सिंह, अन्य किसान संगठन से आए नेता व ग्रामीण एडुसेट चौकीदार यूनियन से सूबे सिंह व अनेक सामाजिक व कर्मचारी संगठनों ने धरने को संबोधित करते हुए अपना समर्थन दिया। जिला प्रधान बलजीत यादव व जिला सचिव रणबीर यादव ने संबोधित करते हुए अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का समर्थन के लिए धन्यवाद किया। इस मौके पर वरिष्ठ उप प्रधान प्रवीन कुमार गिरदवार, सुखपाल पटवारी, ममता पटवारी, कविता पटवारी, सतबीर पटवारी, हेमकरण पटवारी, बाबूलाल पटवारी व गिरदावर उपस्थित रहे।
यूनियन की ये है मांगें
धरने पर बैठे यूनियन के सदस्यों ने कहा कि जो नया वेतनमान सरकार ने 32100 लागू किया है, यह 1 जनवरी 2016 से नोशनली व जनवरी 2023 से लागू किया जाए। पिछले साल मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वेतनमान बढ़ाने का जो वादा किया था उसको पूर्ण रूप से अमलीजामा नहीं पहनाया गया। जिससे प्रदेश भर के समस्त पटवारी एवं कानूनगों में भारी रोष है और सरकार से मांग करते हैं कि यूनियन की मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। जिससे की काफी लंबे समय से लंबति मांग पूरी हो सके और आमजन को राहत मिल सके।
जिले में है 67 पटवारी व 16 कानूनगों
जिले में 67 पटवारी व 16 कानूनगों कार्यरत हैं। सभी हड़ताल पर हैं। करीब 2 करोड़ के आसपास का राजस्व को रोजाना नुकसान हो रहा है। 150 के आसपास रोजाना रजिस्ट्रियां होती हैं। धरने को 9 दिन हो चुके हैं। अभी तक करीब 1350 रजिस्ट्री प्रभावित हुई हैं और 18 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है।