संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान प्रकोष्ठ, सीएम विंडो, जनसंवाद, सीपीग्राम पोर्टल पर आई शिकायतों की समीक्षा की। उन्होंने दो माह पुरानी शिकायतों का एक सप्ताह में जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।
डीसी ने कहा कि समस्याओं का समाधान करके आमजन का जीवन सरल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी सीएम विंडो से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करें। किसी प्रकार से भी औपचारिकता न हो, स्वयं संज्ञान लेकर उस समस्या का समाधान करें।
उन्होंने कहा कि सीएम विंडो मुख्यमंत्री की बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है, जिसकी मुख्यमंत्री स्वयं समीक्षा करते हैं। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिस भी विभाग की 60 दिन से पुरानी शिकायतें लंबित हैं, उनका एक सप्ताह के अंदर समाधान करवाया जाए।
अगर ऐसा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी शिकायतों का निपटान करने के बाद उसकी रिपोर्ट अपने पास न रखकर उपायुक्त कार्यालय में अवश्य भिजवाएं।
बैठक में एडीसी राहुल मोदी, सीटीएम प्रीति रावत, डीएसपी रविन्द्र, डीडीपीओ नरेन्द्र सारवान व डीआरओ प्रदीप देशवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।