संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। हरियाणा राजपूत प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष राव नरेश चौहान राष्ट्रपूत ने संविधान दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी है। साथ ही आरक्षित सीटों का आवंटन रोटेशन से करने का अनुरोध किया है।
राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन में उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 243-डी व 243-टी पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में अनुसूचित जाति की सीटों का आरक्षण रोटेशन से प्रदान करता है लेकिन अनुच्छेद 330 व 332 लोकसभा और विधानसभा चुनावों में रोटेशन की बात से परहेज करता है। यह संविधान के अनुच्छेद 38 की भावना के भी खिलाफ है। उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया कि परिसीमन 2026 की प्रक्रिया शुरू होने से पूर्व ही अनुच्छेद 330 व 332 में अनुच्छेद 243-डी व 243-टी की भांति आरक्षित सीटों का आवंटन रोटेशन से करने के लिए संशोधन किया जाए। ऐसा करने पर आरक्षित वर्ग के एक बड़े समूह को इसका लाभ मिलेगा। सामान्य वर्ग को भी राहत मिलेगी।