पठानकोट में आतंकी हमले के बाद आईबी की ओर से गणतंत्र दिवस पर किए गए हाई अलर्ट को लेकर रेवाड़ी पुलिस भी सक्रिय हो गई है।
प्रशासन ने गणतंत्र दिवस पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है। पुलिस जिले की सीमाओं पर नाके लगाकर बाहर से आने वाले वाहनों की जांच कर रही है। गणतंत्र समारोह स्थल राव तुलाराम स्टेडियम के आसपास हथियारों से लैस पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। लाउड स्पीकर से भी लोगों को अलर्ट रहने के लिए मुनादी कराई जा रही है।
लोगों को संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखने पर तत्काल पुलिस को इतला करने की अपील लोगों से की जा रही है। इसके अलावा शहर में भी पुलिस की विशेष टीमों की गश्त बढ़ा दी गई है।
खासकर पास ही लगते नूंह से आतंकी गिरफ्तार होने के बाद पुलिस की बेचैनी ज्यादा बढ़ी है। क्योंकि सितंबर, 2014 में रेवाड़ी में पैसेंजर ट्रेन में बम मिला था।
नाकों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात जिले के तमाम पुलिस नाकों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है। वाहनों की पूरी तरह जांच करके ही आगे बढने दिया जा रहा है। पुलिस की विशेष नजर बाहरी नंबरों के वाहनों पर है। इसके अलावा जिले धारूहेड़ा और बावल में राजस्थान की सीमा से सटे इलाकों में विशेष नजर रखी जा रही है।
गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वाहनों की जांच करने के साथ जीले की सीमाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। लोगों को भी चाहिए कि कोई संदिग्ध गतिविधि कहीं दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करे।
बलवान सिंह राणा, एसपी