कुंड। कुंड मंडी स्थित लोटस गार्डन में रविवार को सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत गंगा सहाय अस्पताल के तत्वावधान में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने किया। एक चिकित्सक होने के नाते उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे मरीजों की जांच कर उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए उचित परामर्श भी दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जैसे किसी कारखाने को सुचारु रूप से चलाने के लिए उसके कल-पुर्जों को रखरखाव की जरूरत पड़ती है, वैसे ही शरीर को भी सही तरह चलने के लिए नियमित रखरखाव की जरूरत रहती है।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति का स्वास्थ्य सीधे तौर पर देश की अर्थव्यवस्था से जुड़ा है क्योंकि अस्वस्थ व्यक्ति देश की अर्थव्यवस्था के विकास में मदद करने में असमर्थ होता है। इसलिए शरीर को स्वस्थ रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आमजन को सस्ती दर पर दवा उपलब्ध कराने में निर्णायक साबित हो रहे जनऔषधि केंद्रों की वर्तमान में 10,000 की संख्या को भी 25,000 करने का लक्ष्य जल्द पूरा होने जा रहा है।
स्वास्थ्य शिविर में स्त्री रोग विशेषज्ञ, गैस्ट्रोलॉजिस्ट, मेडिसिन, हड्डी रोग, नेत्र जांच व खून जांच से संबंधित सुविधाओं के अलावा कैम्प में दवाई व चश्मे भी निःशुल्क वितरित किये गए। शिविर में 300 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
इस अवसर पर शिविर आयोजक महामंडलेश्वर रामेश्वर दास, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीतम चौहान, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता वंदना पोपली, गंगा सहाय अस्पताल संचालिका डॉ. कविता, मुख्य अभियंता रमेश, मंडल अध्यक्ष जीतू चेयरमैन, कुंड सरपंच मंजू देवी, दलेल चौहान, देशराज मनेठी व अन्य मौजूद रहे।