सोनीपत। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की ओर से भारत कौशल प्रतियोगिता का आयोजन अक्तूबर में करवाया जाना है। इसमें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान या अन्य किसी भी तकनीकी संस्थान के छात्र जिनकी न्यूनतम आयु 16 वर्ष या जिसका जन्म 1 जनवरी, 2004 के बाद का हो, भाग ले सकते हैं।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि यह प्रतियोगिता जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी आयोजित होगी। इसके लिए प्रतिभागी 30 सितंबर तक https://www.skillindiadigital.gov.in/ पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
जिला व राज्य स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों के पास हरियाणा राज्य का परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर होने वाली प्रतियोगिता में मौका दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर भारत कौशल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमश: 5 लाख रुपये, 3 लाख रुपये व 2 लाख रुपये इनाम राशि प्रदान की जाएगी।