रेवाड़ी। शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था को जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा। यातायात पुलिस की ओर से जाम की समस्या से निपटने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। अब सड़क पर नियम विरुद्ध वाहन खड़े करने वालों की भी खैर नहीं होगी। पार्किंग के अभाव में वाहन चालक अपने वाहनों को सड़क के किनारे ही खड़े कर बाजारों में चले जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे लोगों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ई-चालान अभियान चलाएगी। ऐसे वाहनों का चालान कर उसकी कॉपी वाहन मालिक के घर भेजी जाएगी।
लिखवाए जाएंगे प्रेरक स्लोगन
वाहनों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से वाहनों के पीछे, बैनर, फ्लेक्स आदि पर प्रेरक स्लोगन लिखवाए जाएंगे। इन स्लोगन को पढ़ने के बाद न केवल वाहनों की गति पर नियंत्रण रखेंगे बल्कि अन्य लोगों को वाहन की गति पर नियंत्रण रखने के लिए प्रेरित करेंगे।
निर्धारित किए जाएंगे ऑटो स्टैंड
शहर के सर्कुलर रोड पर चलने वाले ऑटो की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा चालक कहीं भी सड़क किनारे ऑटो खड़ा कर सवारियों को बैठाते व उतारते हैं। ऐसे में कई बार ऑटो के पीछे वाहनों की लंबी कतारें लग जाती है, जिससे जाम लग जाता है। इस समस्या को देखने के बाद यातायात पुलिस की ओर से सर्कुलर रोड पर ऑटो स्टैंड निर्धारित किए जाएंगे। चालक निर्धारित स्थान पर ही ऑटो खड़ा करेंगे। ऐसा नहीं करने पर वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
हाईवे पर अवैध कट करने वालों पर कार्रवाई
हाईवे किनारे ढाबा संचालकों ने अवैध रूप से कट बनाए हुए है, जो हादसों का कारण बन रहे है। एनएचएआई की ओर से कई बार कार्रवाई की गई है, लेकिन महज खानापूर्ति के लिए। ट्रैफिक पुलिस की ओर से एनएचएआई को अवैध कट बंद कराने के लिए पत्र लिखा गया है। अवैध कट का विरोध करने वाले ढाबा संचालकों के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई की जाएगी।
जिले को ट्रैफिक व्यवस्था को जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा। पुलिस की ओर विशेषकर शहर के ट्रैफिक का प्लान तैयार कर लिया है। जल्द ही काफी सुधार देखने को मिलेगा। इसके अलावा हाईवे पर अवैध कट बनाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
- पवन कुमार, डीएसपी रेवाड़ी