रेवाड़ी। जिले के 16 राजकीय आयुर्वेद औषधालयों में पार्ट-टाइम योग सहायकों की नियुक्ति प्रक्रिया तेज हो गई है। इसके लिए पिछले माह विभाग को काफी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए थे। अब आवेदनों की स्क्रूटनी के बाद अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) की ओर से गठित कमेटी अभ्यर्थियों के दस्तावेज और योग्यता की जांच करेगी। इसके बाद अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी।
चयनित योग सहायकों की ड्यूटी पार्ट-टाइम आधार पर लगाई जाएगी। वे प्रतिदिन निर्धारित समय पर संबंधित आयुर्वेद औषधालय में योग सत्र आयोजित करेंगे। इसमें मरीजों और स्थानीय लोगों को योगासन, प्राणायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के बारे में जानकारी दी जाएगी। इससे औषधालय के नियमित कार्य प्रभावित किए बिना लोगों को योग की सुविधा मिल सकेगी।
अभी जिला अस्पताल में ही नियमित योग विशेषज्ञ: वर्तमान में सेक्टर-4 स्थित जिला आयुर्वेद अस्पताल में नियमित रूप से योग विशेषज्ञ की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा गांवों में आयुष व्यायामशालाओं के माध्यम से भी योग कराया जाता है। राजकीय आयुर्वेद औषधालयों में योग सहायकों की नियुक्ति नहीं होने से मरीजों को योग का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा था।