रेवाड़ी में सुबह के समय ठंडक के चलते गर्म कपड़े पहन कर जाती महिला व बच्चे संवाद
रेवाड़ी। जिले के न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड इस सीजन का टूट चुका है। कृषि विज्ञान केंद्र बावल के मुताबिक शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इससे पहले इस सीजन का सबसे कम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
फिलहाल आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। वहीं, उत्तरी पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी होने से पहले पखवाड़े में पूरे इलाके में उत्तरी बर्फीली हवाओं से ठंड में इजाफा देखने को मिलेगा और कोल्ड वेब आसार बन रहे हैं। दूसरे पखवाड़े में जेट धाराएं दक्षिणायन होने से पश्चिमी विक्षोभ भी दक्षिणायन होने से मजबूत होकर उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बर्फबारी साथ ही मैदानी क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों से प्रदेश में ठंड का दौर शुरू हो जाएगा। इस माह के अंत तक कुल 6 से 7 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे। जिसमें दूसरे पखवाड़े वाले दो पश्चिमी विक्षोभ मध्यम श्रेणी की वजह से बारिश की गतिविधियों की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन बोले-
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पहले अक्तूबर माह और उसके बाद नवंबर में मौसम शुष्क और साफ बना हुआ है। दिसंबर शुरू हो गया है, परंतु पहले पखवाड़े में भी बारिश की गतिविधियों की कोई संभावना नहीं बन रही है। हालांकि, दिसंबर महीने के दूसरे पखवाड़े में बारिश के आसार दिखाई दे रहे हैं। पिछले साल की बात करें तो नवंबर महीने में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज हुई थी। इस साल अक्तूबर और नवंबर महीने में जेट धाराओं के उत्तरायण होने की वजह से केवल कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तरी पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी ही हो रही है, जबकि मैदानी इलाकों में बारिश नदारद है। इसकी वजह से ठंड अभी कम है। तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।