रेवाड़ी। दिल्ली कैंट से उदयपुर के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का रेवाड़ी में भी ठहराव होगा। यह जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि उनकी शुक्रवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से रेवाड़ी, गुरुग्राम और पटौदी रेलवे स्टेशन की सुंदरीकरण योजना और रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन के ठहराव के लिए बातचीत हुई है।
राव इंद्रजीत ने बताया कि उन्होंने ट्रेन चलने से पहले केंद्रीय रेल मंत्री से मिलकर वंदे भारत ट्रेन की रेवाड़ी और गुरुग्राम रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग की थी। उस दौरान गुरुग्राम में ठहराव को मंजूरी दे दी गई, लेकिन रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर ठहराव की मांग आज भी अधूरी है। ट्रेन के रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर ठहराव की चर्चा करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री ने उन्हें अवगत करवाया है कि वंदे भारत ट्रेन की गति बढ़ाने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। अभी ट्रेन की स्पीड कम होने से गंतव्य तक पहुंचने में 4 से 5 घंटे का समय लग रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन की गति बढ़ाने के लिए तकनीकी स्तर पर काम किया जा रहा है जिस पर करीब 2 से 3 माह लगेंगे। ट्रेन की गति बढ़ने के बाद करीब 30 से 40 मिनट का समय गंतव्य तक पहुंचने में कम लगेगा। ट्रेन की स्पीड और समय में कटौती की योजना को दो-तीन माह में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद मंत्रालय की ओर से रेवाड़ी स्टेशन पर ठहराव की योजना को मंजूरी दी जाएगी।