धारूहेड़ा। सेक्टर-6 स्थित महाराणा प्रताप पार्क में राजपूत सभा बावल-रेवाड़ी की ओर से विजय दशमी पर शस्त्र पूजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन कर किया गया। समाज के लोगों ने आहुति देकर क्षेत्र और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
राजपूत सभा के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर चरण सिंह ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकजुटता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने समाज के उत्थान और राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
हिंदू परंपरा में विजयदशमी पर शस्त्र पूजन का विशेष महत्व है। इसे शक्ति, साहस और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने के संकल्प का प्रतीक माना जाता है। शस्त्र पूजन में स्वच्छता के बाद शस्त्रों को तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा की जाती है। वक्ताओं ने कहा कि शास्त्र और शस्त्र दोनों का सम्मान भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।