भिवाड़ी। एनसीआर क्षेत्र में ग्रैप पाबंदियों के अनुपालन और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए अब जरूरी कदम उठाए जाएंगे। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ग्रैप नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर की कुल 305.93 किलोमीटर सड़क लंबाई में रोजाना औसतन 28 किलोमीटर सड़क की मशीनों द्वारा सफाई की जा रही है। इसके लिए 5 मैकेनिकल स्वीपर लगाए गए। डस्ट कंट्रोल के लिए 2 एंटी स्मोक गन और 20 वाटर स्प्रिंकलर तैनात किए गए हैं।
गौरव पथ, रिलेक्सो चौक से चैंपियन चौक, अजंता चौक से कैपिटल मॉल, चैंपियन चौक से हरचंदपुर, अलवर बाईपास रोड, मानसा चौक से बीड़ा कार्यालय, भिवाड़ी मोड़ से यूआईटी और नीलम चौक जैसे प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई व धूल नियंत्रण कार्य किया जा रहा है।
11 अक्तूबर 2025 को ग्रैप-1 लागू होने से लेकर 23 नवंबर तक कुल 1194 निर्माण एवं विध्वंस साइटों का निरीक्षण किया गया। इनमें 609 बड़ी साइटें और 585 छोटी साइटें शामिल रहीं। इनमें से 34 साइटों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया।
इन पर रीको- यूनिट 1 की ओर से 25 मामलों में कुल 1,47,500 और रीको-यूनिट 2 द्वारा 4 मामलों में 23,600 के चालान जारी किए गए। खुले में कचरा जलाने और अवैध डंपिंग के 34 मामले सामने आए जिनमें नगर परिषद ने 25 मामलों में लगभग 30 हजार के चालान किए।
-
वाहन प्रदूषण पर भी सख्ती बरती गई
वाहन प्रदूषण पर भी सख्ती बरती गई। परिवहन एवं ट्रैफिक विभाग ने 65 वाहनों के चालान मान्य पीयूसी न होने पर किए। इसके अलावा 10 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। औद्योगिक क्षेत्र में राजस्थान राज्य पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने 138 उद्योगों का निरीक्षण किया जिनमें 8 इकाइयां नियम उल्लंघन में पाई गईं। इनमें 3 इकाइयों की कंसेंट टू ऑपरेट रद्द की गई, 3 को नोटिस जारी हुआ और 2 के विरुद्ध बंद करने के आदेश जारी किए गए। 10 स्टोन क्रशर्स का निरीक्षण किया गया जिनमें कोई भी संचालित नहीं मिला।
24 नवंबर को भी कार्रवाई की गई
24 नवंबर को भी कार्रवाई की गई। राजस्थान राज्य पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने 4 निर्माण गतिविधियों को बंद करने के निर्देश दिए और 1 मामले को कार्यवाही के लिए मुख्यालय जयपुर भेजा। रीको-यूनिट 1 ने 6 चालान के माध्यम से राशि 35,400 जबकि रीको- यूनिट 2 ने 8 चालानों के माध्यम से राशि 47,200 की कार्रवाई की। नगर परिषद ने वेस्ट ले जाने वाले 3 वाहनों को जब्त किया और अवैध डंपिंग पर 50 हजार से अधिक का चालान किया। भिवाड़ी क्षेत्र में ओपन बर्निंग पर सघन मॉनिटरिंग की जा रही है और नियम उल्लंघन पर चालान कार्रवाई भी तेज कर दी गई है।
भिवाड़ी में पानी का किया जा रहा छिड़काव। संवाद- फोटो : टूंडला की भूमि प्रबंधक संमिति के पदाधिकारी केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल से मिलकर मांग पत्र देते संगठन