राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र से आ रहे रसायन युक्त व दूषित पानी से धारूहेड़ा वासियों को अब निजात मिलने वाली है। समस्या के समाधान के लिए मंगलवार को रेवाड़ी के एसडीएम यशपाल यादव की अगुवाई में राजस्थान के आला अधिकारियाें के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में राजस्थान से आने वाले पानी का स्थाई समाधान करने के लिए दो साल पूर्व बनाई गई योजना को सिरे चढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
क्या है मामला
धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की सीमा से सटे राजस्थान के रीको औद्योगिक क्षेत्र से दूषित और रयायनयुक्त पानी धारूहेड़ा क्षेत्र में आ रहा है। खासतौर से बारिश के दिनों में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। इस पानी को लेकर धारूहेड़ा के गांव महेश्वरी, गढ़ी अलावलपुर, सेक्टर चार, सेक्टर छह, मालपुरा और कापडीवास के लोग कई बार आंदोलन कर चुके हैं। लेेेकिन एक दशक से अधिक का समय बीतने के बावजूद इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। हालांकि इस समस्या को लेकर गांव महेश्वरी के पूर्व सरपंच कर्ण सिंह की ओर से मानवाधिकार आयोग व हाईकोर्ट में मामला डाला हुआ है। लेकिन हर बार तारीख देकर ही टाल दिया जाता है। हालांकि दो साल पूर्व उपायुक्त अजीत बाला जोशी ने राजस्थान के आला अधिकारियों की बैठक बुलाकर इस दूषित पानी को धारूहेड़ा के साहबी नदी में डालने की योजना बनाई थी, लेकिन उपायुक्त के तबादले के साथ ही यह योजना परवान नहीं चढ़ सकी।
फिर उठने लगी मांग
जून माह में हुई बारिश के बाद एक बार फिर दूषित पानी को बंद करने की मांग उठने लगी है। सोमवार को हुडा प्रशासक पीसी मीणा व बिजली मंत्री कप्तान अजय सिंह यादव के समाने भी राजस्थान से आने वाले पानी को रोकने की मांग रखी गई थी। इसी के चलते जिला प्रशासन रेवाड़ी की ओर से मंगलवार को राजस्थान के तिजारा के एसडीएम, यूआईटी भिवाड़ी, बीएमए, रीको के सीनियर अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई गई है। राजस्थान से आ रहे दूषित पानी से गांव महेश्वारी, कापडीवास, गढी अलावलपुर, सेक्टर चार की जमीन का पानी दूषित हो रहा है।
बुलाई गई है बैठक
राजस्थान से आ रहे दूषित व रसायन युक्त पानी के समाधान के लिए मंगलवार को धारूहेड़ा में स्थित पर्यटन केंद्र के रेस्तरां में बैठक बुलाई गई है। बैठक में इस समस्या का स्थाई समाधान खोजने का प्रयास किया जाएगा।
-यशपाल यादव, एसडीएम, रेवाड़ी।