वीरवार शाम हुई बारिश से शहर के अनेक स्थानों पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे दिन शीत लहर के चलते लोग अपने घरों में दुबके रहे। शाम के समय आसमानी बिजली कड़कने के साथ करीब आधा घंटे तक बरसात हुई। हालांकि किसानों को जरूर बारिश से राहत मिली है।
सुबह से चली तेज हवाओं के ने मौसम में ठंडक बढ़ा दी। शाम के समय वर्षा के चलते अधिकांश शहरवासी घरों में दुबके रहे। दिन में ही रात की तरह मौसम हो गया। दोपहर को लगभग साढ़े तीन बजे आकाश में काले बादल छा गए। बारिश के साथ तेज हवा चलने लगी। जिससे सर्दी बढ़ गई। वाहनों को दिन में ही लाइटेें जलाकर चलना पड़ा। सवेरे रोजाना की तरह धूप निकली, किंतु कुछ देर के बाद तेज सर्द हवा चलने लगी। दोपहर बाद हवा की रफ्तार में कमी आई, तो आकाश में बादल घिर आए और चार बजते ही बारिश होने लगी।
बावल खंड में बरसात ने नपा के जल निकासी के दावों की पोल खोल दी। कोर्ट के सामने, छोटूराम चौक आदि स्थानों पर जलभराव हो गया। जलभराव से लोगों को आवागम में परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं शहर के बावल चौक, सेक्टर एक, ब्रास मार्केट, बावल रोड, मॉडल टाउन आदि स्थानों पर जलभराव से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सर्दी के पहली वर्षा किसानों के लिए वरदान साबित हुई। खोल के किसान भगता, सुनील, औलांत निवासी सुरभान ने कृष्ण कुमार, व रामफल ने बताया कि इस समय गेहूं व सरसों की फसलों में सिंचाई चल रही है। ऐसे में बरसात का होने सोने पर सुहागा है। बरसात से अब गेहूं की फसल में फुटाव शुरू होगी वहीं सरसों की बढ़वार सही होगी जो दोनों ही फसलों का उत्पादन बढ़ाएगी।