मानसून इस बार कुछ ज्यादा ही मेहरबान है। रविवार रात के बाद सोमवार शाम हुई एक घंटे की बारिश में पूरे जिले को तरबतर कर दिया। रेवाड़ी शहर में करीब 21 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश होने से जहां बेहद खुश है वहीं किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई है। कारण बाजरा खड़ा है। यह बारिश खड़े बाजरे के लिए नुकसानदेह है।
शहर में यहां भरा पानी
शहर में भाडावास गेट, सिविल हॉस्पिटल, बस स्टैंड, रेलवे रोड, धारुहेड़ा चंगी, महाराणा प्रताप चौक, नाईवाली, मॉडल टाउन, पटौदी रोड, झज्जर रोड, नया बाजार, कॉनसीवास रोड, लोकल बाजार, कृष्णा नगर, बंधूवाड़ा, बारह हजारी रोड सहित कई जगह पर पानी भर गया। बारिश थमने के बाद लोग इसे निकालते दिखे।
सीवर का पानी सड़क पर
शहर में कई जगह पर सीवर खुले हैं। ऐसे में नालों में बहने वाला पानी सड़क पर आ गया। जिससे बदबू ही बदबू फैल गई। शहर में सैक्टर एक, भाडावास गेट, मॉडल टाउन, सिविल हॉस्पिटल के समीप, कालका रोड, उत्तर नगर, कतोपुर सहित कई जगह सीवर के ढक्कन खुले पड़े हैं। इनसे छलककर पानी सड़कों पर आ गया।
लगने लगा टपके से डर
शहर में मुक्तिवाड़ा, गुर्जरवाड़ा, संघी का बास, तेजपुरा, चौधरीवाड़ा, वाल्मिकी मोहल्ला, बास सिताबराय आदि जगह पर पुराने मकान हैं। कई मकान तो खंडहर बन चुके हैं, जिन्हें प्रशासन ने भी कंडम घोषित कर दिया है। तेज बारिश के बाद इन मकानों से पानी टपकने लगा। जिससे आसपास रहने वाले लोगों के मन में भय पैदा हो गया।
यहां इतनी हुई बारिश
रेवाड़ी 21 एमएम
बावल 13 एमएम
खोल 8 एमएम
कोसली 12 एमएम