रेवाड़ी। बारिश ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर लोगों की आफत बढ़ा दी। जलभराव और गड्ढों के चलते यातायात व्यवस्था बिगड़ी रही। इस दौरान गुरुग्राम के बिलासपुर से लेकर धारूहेड़ा तक करीब 25 किलोमीटर तक जाम लगा रहा। इस दौरान लोगों को 20 मिनट की दूरी तय करने में 4 से 5 घंटे तक लग गए। वहीं, कुछ लोग आसपास के गांव से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचने का प्रयास करते दिखे।
हाईवे पर जलभराव के कारण बड़े-बड़े गड्ढे बन रहे हैं, जिसके कारण वाहन तक पलटे हुए देखे जा सकते हैं। हर साल दावे तमाम होते हैं लेकिन व्यवस्था है कि सुधरने का नाम ही नहीं लेती। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 पर धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के हालात जलभराव के कारण इतने बदतर हो चुके हैं कि हाईवे पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ठप हो गई है। वहीं धारूहेड़ा के सेक्टर 4 और 6 के लोगों को भी जलभराव के चलते परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सेक्टर-4 की बात करें तो धारूहेड़ा से आने वाले गंदे पानी के चलते यहां के 80 फ़ीसदी लोग अपने घर तक छोड़ चुके हैं और पलायन को मजबूर हैं।
एक सप्ताह पूर्व निरीक्षण करने पहुंचे थे डीसी, फोटो खिंचवाकर लौटे
नेशनल हाईवे संख्या-48 धारूहेड़ा में जब कभी जलभराव की स्थिति बनती है। तब डीसी से लेकर तमाम अधिकारी लाव-लश्कर के साथ पहुंचते हैं। तस्वीरें खिंचवा कर बयान जारी करते हैं, लेकिन हालात सुधरते नहीं हैं। करीब एक सप्ताह पहले भी जब जलभराव की स्थिति बनी तो डीसी अशोक गर्ग मौके पर पहुंचे और जल्द ही जल निकासी कराने के आदेश भी दिए, लेकिन जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
----------------
खराब हालात के चलते लोग पलायन करने को मजबूर
हुडा सेक्टर धारूहेड़ा कस्बा का पॉश इलाका है, लेकिन पड़ोसी राज्य राजस्थान के भिवाड़ी से आने वाला केमिकल युक्त प्रदूषित पानी यहां रहने वाले लोगों के लिए समस्या बना हुआ है। सेक्टर-4 में तो इस प्रदूषित पानी की वजह से सेक्टरवासियों को पलायन करना पड़ रहा है। यहां ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले करीब 80 फीसदी लोग अपना घर छोड़ चुके हैं। हल्की बारिश के साथ से घरों में दूषित पानी भर जाता है। ऐसे में लोग पलायन करने को मजबूर हैं। इसके अलावा जगह-जगह गलियों में घरों के बाहर गंदा पानी भरा खड़ा हुआ है। आसपास के खाली प्लाटों में प्रदूषित पानी भर जाने से वातावरण प्रदूषण के साथ ही संक्रमण फैलने का डर बना हुआ है। वहीं, हाईवे से सेक्टर-6 को जाने वाली मुख्य सड़क का भी बहुत बुरा हाल है। इस सड़क में बहुत ही गहरे गड्ढ़े बने हुए हैं, जिससे कि इन गड्ढ़ों की वजह से कई बार लोग दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके हैं। बारिश के समय तो स्थिति और भी खराब हो जाती है क्योंकि बारिश का पानी सड़क पर भरने से ये गड्ढ़े नजर नहीं आते और वाहन चालकों को इन गहरे गड्ढों का अंदाजा नहीं होने से गाड़ियों के फंसने व खराब होने की बहुत सी घटनाएं देखने को मिल जाती है।
शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई
प्रशासन और नपा चेयरमैन को सेक्टरवासियों का दर्द महसूस करना चाहिए। यह छोटी समस्या नहीं है। हरियाणा और राजस्थान सरकार को इस समस्या के समाधान के लिए कई बार पत्र भेजे गए हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दोनों राज्यों के अधिकारी इस समस्या को लेकर चर्चा कर चुके हैं। समस्या के स्थायी समाधान के लिए राजस्थान सरकार को करोड़ों रुपये भी आवंटित किए गए, मगर उसके बावजूद हरियाणा के कस्बा धारूहेड़ा एवं सेक्टर छह के लोग आज भी समस्या को झेल रहे हैं।
-बिटटू सैनी, निवासी धारूहेड़ा
---------
बदबू से बुरा हाल:
राजस्थान के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों से निकला यह रसायन युक्त पानी यहां के सेक्टर 4 व 6 में भर रहा है। यहां पर पार्क भी पानी से भर गए हैं। यहां पर बदबू से बहुत बुरा हाल है। प्रशासन को कई बार समस्या के समाधान को लेकर बोला जा चुका है। दावे तो काफी किए जाते हैं, लेकिन समाधान करने के नाम पर सबकुछ नील बटा नील है।
-कमल, कंपनी कर्मचारी, सेक्टर-4
---------------------------
कोट
समस्या काफी पुरानी है। हरियाणा और राजस्थान के अधिकारियों की बैठकें भी हुई हैं। भिवाड़ी से बार-बार सेक्टरों में पानी छोड़ा जा रहा है। हाईवे पर पानी निकालने के लिए पंप सेट और जेसीबी लगाई गई हैं। सेक्टरों में भरने वाले पानी के लिए स्थानीय लोग हरियाणा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों से बात करें।
- समय सिंह, सचिव, नगर पालिका, धारूहेड़ा
धारूहेड़ा में हाईवे पर लगा जाम। - फोटो : Rewari