संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेलवे ने भाड़ावास फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज का अपने हिस्से का निर्माण कार्य वीरवार से शुरू कर दिया। रेलवे ने पुल के एक साइड का गार्डर रखवाया है। मौके पर अधिकारी भी मौजूद थे। कार्य में तेजी को देखते हुए लोगों ने उम्मीद जताई है कि समय से ओवरब्रिज का निर्माण होने से राहत मिलेगी।
ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेजी से कराने की मांग स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से की थी। इसके बाद रेलवे ने भी अपने कार्य में तेजी लाई है। साथ ही रेलवे ने कब-कब ट्रैफिक ब्लॉक लेना है, इसका शेड्यूल भी जारी कर दिया है। रेलवे नवंबर, दिसंबर, जनवरी के अंत तक विभिन्न दिनों में ट्रैफिक ब्लॉक लेता रहेगा। इस अंतराल में रेलवे के हिस्से का काम होता रहेगा। चार माह पहले दिनभर ब्लॉक रखकर अंडरपास के लिए कंक्रीट के बॉक्स डालने का काम किया गया था। दूसरी तरफ हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (एचएसआरडीसी) की तरफ से करीब 85 प्रतिशत कर लिया गया है। अब रेलवे की तरफ से कार्य किया जाना बाकी है।
ओवरब्रिज का कार्य एचएसआरडीसी ने दिसंबर 2021 में शुरू किया था। अधिकारियों के अनुसार प्रोजेक्ट की डेडलाइन जून-2023 थी, लेकिन काम देरी से शुरू होने के चलते और देरी होती गई। अभी तक इसमें 18 माह की देरी हो चुकी है। फिर इसकी डेडलाइन सितंबर 2024 बताई जा रही थी लेकिन इस अवधि में काम पूरा नहीं हुआ। दिसंबर 2024 तक चर्चा हुई, मगर अब भी काम जून 2025 तक ही पूरा होता नजर आ रहा है।
बावल हल्के के 35 गांव इस रोड पर पड़ते हैं जो जाटूवास गांव से शुरू होकर खंडोड़ा गांव तक पड़ते हैं। लोगों का कहना है कि छोटे-मोटे काम के लिए रेवाड़ी जाना पड़ता है और रेवाड़ी जाने का एकमात्र यही रास्ता है। इस रास्ते के बंद होने की वजह से उनको बहुत ज्यादा परेशानी हो रही है। यहां की 4 कॉलोनी कंपनीबाग, हंस नगर, न्यू आदर्श नगर व परशुराम कॉलोनी की 5 हजार की आबादी प्रभावित होगी क्योंकि लोगों का विभिन्न कामों से यहां आना-जाना रहता है।
सर्विस रोड की चौड़ाई कम छोड़ने से लोग परेशान
देवेंद्र, राजेश, जसवंत, पवन ने बताया कि सर्विस रोड 6 फीट से भी कम रह जाने से भविष्य में समस्या पैदा होगी। सड़क पर बिजली के खंबे, पानी की लाइन व सीवर लाइन भी है। इसकी वजह से रास्ता और भी संकरा हो जाएगा, जिससे भविष्य में ना तो फायर ब्रिगेड की गाडी जा सकेगी, ना एम्बुलेंस, बच्चों की स्कूल बसें व कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भी नहीं पहुंच पाएंगी। इसे लेकर एसडीएम को जांच सौंपी गई थी, प्रक्रिया आगे बढ़ पाती उसके कुछ दिनों बाद आचार संहिता लग गई और पैमाइश भी नहीं हो पाई। अब कब पैमाइश होगी, कोई जानकारी नहीं है।
वर्जन:
फाटक संख्या 61 पर चल रहे कार्य के कारण रेवाड़ी जयपुर के बीच रेल यातायात प्रभावित रहेगा। इसके लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है। कब-कब ट्रेन और कौन सी ट्रेन प्रभावित होगी, इसका शेड्यूल जारी कर दिया गया है। -कैप्टन शशि किरण, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे।