संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हो गई। आवेदन के पहले दिन ही 40 से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए। पोर्टल सुचारू रूप से संचालित होने के कारण अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी सरकारी एवं निजी आईटीआई में हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। यहां छात्र-छात्राओं को आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज अपलोड करने और अन्य जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। हेल्प डेस्क पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मार्गदर्शन प्राप्त किया जा सकता है।
आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 जून तक किए जा सकेंगे। जिले में संचालित 23 सरकारी और निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में विभिन्न ट्रेडों की 5 हजार 332 सीटों पर दाखिले होंगे। संस्थानों में तकनीकी और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के प्रति युवाओं का रुझान लगातार बढ़ रहा है जिसके चलते आने वाले दिनों में आवेदन संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
जिले के 10 सरकारी आईटीआई संस्थानों में कुल 2 हजार 832 सीटें उपलब्ध हैं जबकि निजी आईटीआई में करीब 2500 सीटें हैं। सरकारी आईटीआई में सबसे अधिक 620 सीटें राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवाड़ी में हैं। इसके अलावा कुंड-मनेठी में 464, कोसली में 440, बेरली कलां में 368, महिला आईटीआई रेवाड़ी में 240, सहारनवास में 220, खरखड़ा और टांकड़ी में 196-196 सीटें उपलब्ध हैं। वहीं लेदर एवं फुटवीयर आईटीआई रेवाड़ी में 40 और सैनिक परिवार भवन आईटीआई रेवाड़ी में 48 सीटें निर्धारित की गई हैं।
-
ये दस्तावेज जरूरी
प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं की अंकतालिका, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी), आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, पासपोर्ट आकार फोटो, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र, हरियाणा निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र तथा चरित्र प्रमाण पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।
वर्जन:
आईटीआई में विद्यार्थी 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी समय रहते आवेदन कर पसंद के ट्रेड में सीट सुनिश्चित करें।- सुरेंद्र सिंह, प्राचार्य, महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान