वरिष्ठ नागरिकों से बातचीत करते लोक सेवा मंच के प्रधान अशोक। स्रोत : संस्था
रेवाड़ी। लोक सेवा मंच ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार और समस्याओं को लेकर घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया है। यह फैसला सेक्टर-4 में लोक सेवा मंच की कोर कमेटी और वरिष्ठ नागरिकों की संयुक्त बैठक में किया गया।
प्रधान अशोक ने कहा कि सीनियर सिटीजन के हकों और उनकी समस्याओं को सरकार व प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए अधिकाधिक वरिष्ठ नागरिकों और आमजन की राय व सहमति लेना जरूरी है।
इसी उद्देश्य से सेक्टर-4 में रहने वाले करीब ढाई हजार परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों और सेक्टरवासियों से सीधे संपर्क स्थापित करने के लिए डोर टू डोर अभियान चलाया जाएगा।
अशोक ने बताया कि अभियान के दौरान वरिष्ठ नागरिकों से मिलकर उनका हाल-चाल जाना जाएगा और लोक सेवा मंच द्वारा उठाए जा रहे जनहितकारी मुद्दों पर खुलकर चर्चा कर उनकी राय ली जाएगी।
इस अभियान का नेतृत्व स्वयं अशोक प्रधान के साथ मंच की कोर कमेटी के सदस्य और सक्रिय वरिष्ठ नागरिक करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर रेजिडेंशियल सेक्टर की व्यवस्था, फ्री ओल्ड एज होम की स्थापना, सीनियर सिटीजंस के लिए हेल्पलाइन सुविधा, निशुल्क मेडिकल सुरक्षा, सरकारी कार्यालयों व न्यायालयों में सीनियर सिटीजंस प्रोटोकॉल लागू करना तथा यात्री किरायों में 70 प्रतिशत छूट जैसी मांगें शामिल हैं।
बैठक में महेश कौशिक, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, बीके राम सिंह, बिजेंद्र यादव सहित अन्य वरिष्ठ नागरिकों ने भी अपने विचार रखे और अभियान को सफल बनाने का आश्वासन दिया।