संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। पंचायत विभाग ने जिले के 97 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कर उसे विकास व पंचायत विभाग को भेजा है। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान (आरजीएसए) के तहत तैयार किए गए प्रस्ताव में उन पंचायतों को शामिल किया गया है, जहां पंचायत भवन नहीं हैं या उनकी स्थिति जर्जर है।
ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन न होने से पंचायत के प्रशासनिक कार्य में बाधा आती है। पंचायत के रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के लिए कोई स्थायी स्थान नहीं है। सरपंच और ग्राम सचिव के बैठने की निश्चित जगह नहीं होने से ग्रामीण इनसे मिल नहीं पाते हैं।
ग्राम पंचायतों में अहम बैठक या कार्यक्रम खुले मैदान में होते हैं। कई बार बैठकों को स्थगित करना पड़ता है। इसके अलावा बिजली, जनस्वास्थ्य या अन्य विभागीय अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में बैठक के लिए समुचित स्थान नहीं मिल पाता है।
पंचायत भवन के निर्माण का प्रस्ताव भेजने के बाद अब पंचायत विभाग 97 ग्राम पंचायतों का सर्वे कराएगा। इसमें यह तय किया जाएगा कि किन पंचायतों को भवन की तत्काल आवश्यकता है। कहां इसके लिए भूमि नहीं है या कहां भवन है लेकिन बिल्कुल जर्जर है।
प्रत्येक पंचायत भवन के निर्माण पर 25 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके लिए लगभग आधा एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। यदि जमीन उपलब्ध पाई जाती है और मंत्रालय से मंजूरी मिलती है, तो निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।
पंचायत भवन न होने से ग्रामीणों को होती है परेशानी
कई ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन नहीं होने से रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, बैठक या अन्य आयोजन करने में परेशानी होती है। वहीं सचिव व सरपंच के मिलने का एक स्थान न होने से ग्रामीणों को परेशानी होती है। भवन बनने से यह सभी समस्याएं समाप्त होंगी। हर पंचायत को स्थायी कार्यस्थल मिलेगा, दस्तावेज सुरक्षित रहेंगे और ग्रामीणों को अपने काम के लिए सरपंच व ग्राम सचिव से मिलने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इन भवनों के माध्यम से पंचायत कार्यों का संचालन व्यवस्थित रूप से हो सकेगा।
इन ब्लॉकों में इतने पंचायत भवन प्रस्तावित
जिले की धारूहेड़ा ब्लॉक की 22, बावल ब्लॉक की 20, खोल ब्लॉक की 9, रेवाड़ी ब्लॉक की 17, नाहड़ ब्लॉक की 4 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन की जरूरत है। इसके अलावा जाटूसाना ब्लॉक की 15 ब्लॉक पंचायतों और डहीना ब्लॉक की 10 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन निर्माण को लेकर प्रस्ताव विकास एवं पंचायत विभाग को भेजा गया है।
वर्जन
जिले की 97 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन के निर्माण को लेकर विकास एवं पंचायत विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही इन ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। -नरेंद्र गुलिया, एक्सईएन, विकास एवं पंचायत विभाग, रेवाड़ी।