संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। गांव मुंढलिया निवासी छात्रा ओजल राव और उनके शिक्षक, माता-पिता डॉ. विजेंद्र सिंह व अनिता रानी को सीकर सीएलसी संस्थान में आयोजित विजयोत्सव समारोह में सम्मानित किया गया। ओजल ने नीट-2024 में 720 में से 715 अंक अर्जित कर देशभर में 95वीं रैंक और लड़कियों के वर्ग में 19वीं रैंक लेकर दिल्ली एम्स में दाखिला पाया है।
सम्मान समारोह में भाग लेकर लौटे ओजल राव के पिता शिक्षक डॉ. विजेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्थान सरकार के मंत्री कुंवर राजेंद्र सिंह राठौर के आतिथ्य में आयोजित समारोह में ओजल राव को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि के अलावा प्लेटिनम मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेश व देशभर के मेधावी विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विधायक गोवर्धन सिंह, संस्थान के निदेशक श्रवण चौधरी, भाजपा के जिलाध्यक्ष कमल सिकरवाल उपस्थित रहे। इससे पहले 18 अगस्त 2024 को राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ओजल राव को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया था।