रेवाड़ी। कोविड स्पेशल जेल रेवाड़ी से भागने वाला 25 हजार का इनामी बदमाश को एसटीएफ रोहतक के हत्थे चढ़ गया है। टीम ने उसे गुजरात के बड़ोदरा से काबू किया है। एसटीएफ की टीम उसे मंगलवार को रेवाड़ी लेकर पहुंची है। जो राजस्थान के जिला झुंझुनू के गांव काकोड़ा निवासी अनुज है। कोरोना की दूसरी लहर आने पर जिले के गांव फिदेड़ी में निर्माणाधीन जेल को प्रदेश की पहली कोरोना स्पेशल जेल बनाया गया था।
तब प्रदेश की जेलों में बड़ी संख्या में कैदियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद, इनमें से काफी को इस जेल में भेजा गया था। 8 मई 2021 की रात ड्यूटी पर तैनात जेल कर्मचारियों की वजह से 13 कैदी आठ फीट की ऊंचाई पर लगे लोहे के जंगले को तोड़कर जेल से भाग गए थे। ये सभी गंभीर मामलों में सजा पर आए हुए थे। इनमें से कुछ बंदियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है जबकि कुछ की अभी गिरफ्तारी होनी बाकी है। बताया जा रहा है कि वह जेल से भागने के बाद गुजरात के बड़ोदरा पहुंच गया था। इससे पहले भी वह कुछ समय तक बड़ोदरा में रह कर आया था। बता दें कि कैदियों के भागने से संबंधित इस मामले में तत्कालीन जेल वॉर्डन और डिप्टी जेलर को सरकार की ओर से निलंबित कर दिया गया था। इस फरारी में कैदी अनुज भी शामिल था, जो पहले नारनौल की नसीबपुर जेल में बंद था मगर बाद में उसे रेवाड़ी की कोरोना स्पेशल जेल में भिजवा दिया गया। इस कैदी के विरुद्ध नारनौल के सदर थाने में दुष्कर्म और अपहरण का मामला दर्ज है। इस घटना के करीब 15 माह बीत जाने के बाद बाद अब अनुज का सुराग लगा और एसटीएफ रोहतक ने इसे गिरफ्तार कर लिया। यह 25 हजार का इनामी बदमाश है।