शहादत दिवस पर आयोजित सेमिनार में पहुंचे शिक्षक। स्रोत : कॉलेज
रेवाड़ी। केएलपी कॉलेज में गुरु तेग बहादुर जी के शहादत दिवस के उपलक्ष्य में सेमिनार का आयोजन किया गया। 196 शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
उद्घाटन सत्र का संचालन आयोजन सचिव राकेश कुमार द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. कविता गुप्ता ने अपने संबोधन में बताया कि गुरु तेग बहादुर का बलिदान भारतीय इतिहास में धार्मिक स्वतंत्रता एवं मानवाधिकारों की रक्षा का सर्वोच्च उदाहरण है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को ऐसे विषयों पर विमर्श को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत, सेमिनार की अवधारणा नोट प्रस्तुत की गई जिसे आयोजन सचिव राकेश कुमार ने विस्तृत रूप से व्यक्त किया। इसी दौरान गुरु तेग बहादुर के जीवन पर आधारित एक संक्षिप्त वीडियो प्रस्तुति दिखाई गई जिसे प्रतिभागियों ने भावुक होकर देखा।
इस अवसर पर डॉ. राजेश बंसल के गीत हिंद की चादर का लोकार्पण किया गया। राष्ट्रीय सेमिनार के तकनीकी सत्र में देशभर के विद्वानों ने अपने शोध पत्र प्रस्तुत किए। इस सत्र की अध्यक्षता प्रो. अनुराधा दीपक, समन्वयक द्वारा किया गया।
प्रतिभागियों ने नैतिक मूल्यों, युवा शक्ति, आध्यात्मिक दृष्टिकोण, गुरु तेग बहादुर का दर्शन, धार्मिक सहिष्णुता और आधुनिक समाज में उनके योगदान सहित विविध विषयों पर उत्कृष्ट शोध प्रस्तुत किए।