रेवाड़ी। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की बैठक शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस पार्क में हुई। इसमें किसान और मजदूर परिवारों से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी पर चर्चा की गई।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यवान ने कहा कि खेतों में दिन-रात मेहनत करने के बाद भी किसानों, छोटे और मध्यम वर्ग के कृषकों और खेत मजदूरों की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और कर्ज के बोझ ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है।
उन्होंने कहा कि बिजली कानून, मंडी कानून और अन्य नए नियम पूंजीपति कंपनियों के हित में बनाए जा रहे हैं, जिनका सीधा असर किसानों और आम जनता पर पड़ेगा। उर्वरक, रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से ग्रामीण और मजदूर वर्ग की आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है। संगठन इन मुद्दों को लेकर राज्यव्यापी आंदोलन चलाएगा।
जन आंदोलन के नेता राजेंद्र सिंह ने महापंचायत की तैयारी के लिए गांव-गांव जन समितियां बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसान और मजदूरों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर आवाज उठानी होगी।
बैठक में रामकुमार नीमोठ, राकेश कुमार, खेमचंद, कैलाश, शेर सिंह मीरपुर, हनवत सिंह, कृष्ण कुमार, वीरेंद्र सिंह, हरिओम, नीरज, धर्मपाल, महेंद्र सिंह सहित अनेक लोगों ने भी अपने विचार रखे।