रेवाड़ी। नवरात्र पर्व को लेकर शहर के बाजारों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। 11 अक्तूबर से शुरू होने वाले नौ दिवसीय पर्व को लेकर व्यापारी माता की प्रतिमाओं के साथ पूजन और शृंगार सामग्री का स्टॉक जुटाने में लगे हैं। बाजार में नारियल, चुनरी, कलश, दीपक, अगरबत्ती और आरती की थाल समेत अन्य पूजन सामग्री की मांग बढ़ने लगी है।
त्योहार को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही विभिन्न प्रकार की पूजन सामग्री मंगानी शुरू कर दी है। इसके अलावा घरों और मंदिरों में सजावट के लिए झालर व अन्य सजावटी सामान भी बाजार में पहुंच रहा है। व्यापारियों का कहना है कि नवरात्र के दौरान खरीदारी बढ़ने से बाजार में रौनक बढ़ जाती है।
पिछले साल की तुलना में इस बार कुछ पूजन सामग्री की कीमतों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बावजूद नवरात्र के दौरान खरीदारी में तेजी रहने की उम्मीद है। बावल चौक स्थित दुकानदार सुरेश कुमार ने बताया कि ग्राहकों की जरूरत के अनुसार अलग-अलग रेंज में सामग्री मंगाई है।
उनका कहना है कि नवरात्र के दिनों में बिक्री पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर रहने की उम्मीद है। इससे छोटे दुकानदारों और पूजन सामग्री से जुड़े कारोबारियों को भी रोजगार व आय के अवसर मिलेंगे।
बढ़ने की उम्मीद, दुकानदार जुटा रहे स्टॉक :
नया बाजार स्थित शृंगार सामग्री विक्रेता प्रदीप ने बताया कि इस बार चुनरी और नारियल की मांग बढ़ने की संभावना है। पूजन सामग्री विक्रेता सुनील के अनुसार, नवरात्र नजदीक आते ही ग्राहक पूजन सामग्री की अग्रिम बुकिंग कराने लगते हैं। खासकर नारियल, चुनरी और माता की प्रतिमाओं की खरीदारी पहले से शुरू हो जाती है। इसके अलावा फलाहार और व्रत में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की बिक्री बढ़ने की भी उम्मीद है। नवरात्र केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह व्यापारियों के लिए भी कारोबार बढ़ाने का अवसर लेकर आता है।
पूजा सामग्रीपिछले वर्ष दाममौजूदा दाम
चुनरी10 से 40020 से 500
शृंगार सामग्री10 से 6020 से 100
मूर्ति50 से 2000 60 से 2500
ज्योत बत्ती10 से 2012 से 25
अखंड जोत20 से 3025 से 40
कुमकुम5 से 108 से 20
सिंदूर5 से 108 से 15
नारियल30 से 3535 से 40
नोट: सभी पूजा सामग्री के मूल्य प्रति पीस के हिसाब में है।