रेवाड़ी। एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने से पहले खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बड़ी तैयारी की है। गोदामों में पिछले सीजन का गेहूं भरा होने के कारण नई फसल के लिए जगह बनाने के उद्देश्य से विभाग ने राशन डिपो पर दो माह का राशन एडवांस भेजने का निर्णय लिया है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की ओर से अप्रैल और मई का एडवांस राशन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। इसके तहत प्रदेश के सभी राशन डिपो पर गेहूं, चीनी और तेल की सप्लाई एक साथ भेजी जा रही है ताकि गोदामों में रखे पुराने गेहूं को जल्दी निकाला जा सके।
इस कदम का उद्देश्य गोदामों को खाली करना है जिससे नई फसल की खरीद और भंडारण में किसी प्रकार की बाधा न आए। किसानों से खरीदे जाने वाले गेहूं को सुरक्षित रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराना जरूरी है।
जिले की बात करें तो यहां कुल 235 राशन डिपो संचालित हैं। 1 लाख 28 हजार 590 राशन कार्डधारक हैं जिनमें कुल 4 लाख 67 हजार 33 यूनिट शामिल हैं। इनमें अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) के 10 हजार 310 कार्डधारक और 27 हजार 692 यूनिट हैं जबकि एसबीपीएल के 1 लाख 18 हजार 280 कार्डधारक और 4 लाख 39 हजार 341 यूनिट शामिल हैं।
विभाग ने सभी डिपो संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करें ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।