रेवाड़ी। ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध का असर अब पेट्रोल की कीमतों पर नजर आने लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते शहर में प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए हैं। शुक्रवार को प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 1.99 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है।
बढ़ोतरी के बाद प्रीमियम पेट्रोल का दाम 101.91 रुपये से बढ़कर 103.90 रुपये प्रति लीटर हो गया है। रोजाना वाहन चलाने वाले लोगों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
शहर में कामकाजी लोग, छात्र और व्यापारी जो रोजाना बाइक या कार से आवागमन करते हैं, उन्हें अब ज्यादा खर्च करना पड़ेगा। इसके अलावा ऑटो, टैक्सी और माल ढुलाई के किराए में भी बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे महंगाई और बढ़ सकती है।
प्रीमियम पेट्रोल उपभोक्ताओं पर ज्यादा असर
एचपीसीएल डीलर सतीश कुमार के अनुसार इस बढ़ोतरी का ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो हाई-ऑक्टेन या प्रीमियम पेट्रोल का उपयोग करते हैं। उन्होंने बताया कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का लगभग 85 प्रतिशत आयात करता है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे शहर में पेट्रोल-डीजल के दामों पर पड़ता है। अगर ईरान और इजराइल के बीच तनाव लंबे समय तक जारी रहता है तो शहर में पेट्रोल-डीजल और महंगे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार से उम्मीद है कि वह बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण के लिए कदम उठाएगी ताकि आम जनता को कुछ राहत मिल सके।
-
क्या बोले लोग: -
पेट्रोल की कीमत बढ़ने से मासिक खर्च में सीधा असर पड़ा है। पहले ही घर का बजट संभालना मुश्किल था। अब आने-जाने का खर्च और बढ़ गया है।-रामनिवास, जौनावास
-पेट्रोल महंगा होने से कमाई पर असर पड़ रहा है। किराया बढ़ाने पर सवारी कम हो जाती है और न बढ़ाएं तो बचत नहीं हो पाती है।-बाबूलाल, गुर्जरवाड, टैक्सी चालक
रेवाड़ी। भाड़ावास रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाते वाहन चालक। संवाद
रेवाड़ी। भाड़ावास रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाते वाहन चालक। संवाद