फोटो: 04रेवाड़ी में लघु सचिवालय परिसर के सभागार में शिकायतों की सुनवाई करतीं हरियाणा राज्य महिल
रेवाड़ी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा कि रेवाड़ी समेत प्रदेश के सभी जिलों में जल्द ही युवा पीढ़ी में वैवाहिक रिश्तों की समझ स्थापित करने के लिए प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेल की स्थापना की जाएगी। इसमें शादी के बंधन में बंधने से पहले नौजवान युवक-युवतियों व उनके परिजनों को बुलाकर विवाह की पारंपरिक गरिमा, एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना, पवित्र रिश्ते को निभाने के विषय में विस्तार से समझाया जाएगा।
रेणु भाटिया सोमवार को लघु सचिवालय परिसर के सभागार में आयोग मिलीं शिकायतों की सुनवाई कर रही थीं। सुनवाई के बाद बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्णय लिया है कि देश के प्रत्येक जिले में प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेल की स्थापना की जाए। इसका कारण विवाह के बाद युवाओं में बढ़ते हुए तनाव के मामले हैं।
उन्होंने कहा कि शादी एक पवित्र बंधन है जिसमें दोनों परिवारों के बीच एक मधुर रिश्ता स्थापित होता है। पति और पत्नी मिल कर एक नई गृहस्थी की शुरुआत करते हैं और दोनों के तालमेल से एक नए जीवन एवं मजबूत बंधन का रिश्ता आगे बढ़ता है।
यह हमारे भारतीय समाज की समृद्ध परंपरा है, जिसकी पूरी दुनिया में मिसाल दी जाती है। वैवाहिक संस्कार युवाओं को सिखाया जाना अब आवश्यक पहल बन गया है।
चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा कि कुछ नौजवान सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल करते हुए किसी भी लड़की या लड़के की आपत्तिजनक वीडियो या फोटो अपलोड कर देते हैं। ऐसे मामलों के कारण कुछ बच्चे तो सुसाइड तक कर लेते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए महिला आयोग ने पुलिस की साइबर क्राइम सेल की सहायता से कॉलेज व स्कूलों में विद्यार्थियों को जागरूक करने की पहल की है जिससे कि कोई व्यक्ति उनको ब्लैकमेल करने का प्रयास करे तो पीड़ित छात्र या छात्रा कानूनी कार्रवाई कर सकें।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया को हथियार बना कर कोई व्यक्ति धमकी देता है तो उससे डरने की बजाय साइबर सेल की मदद लेनी चाहिए। शिक्षण संस्थानों में अध्यापकों के बीच बढ़ते जा रहे परिवादों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ शिक्षक अपनी लालसा, अहम और दुर्व्यवहार के कारण इस सम्मानित पद की महत्ता को गिरा रहे हैं। ऐसे में वह इस संदर्भ में खुद शिक्षामंत्री से बातचीत करेंगी।