रेवाड़ी। लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में डीसी अभिषेक मीणा ने लोगों की शिकायतें सुनीं। इस दौरान प्राणपुरा गांव के प्रजापति समाज के लोगों को मिट्टी का बर्तन बनाने के लिए जमीन नहीं मिलने की शिकायत आई। इस पर डीसी ने डीडीपीओ को जांच का आदेश दिया।
डीसी ने गांव पंचायत बासदूदा व बालधन खुर्द में अवैध कब्जा हटवाने का निर्देश दिया। प्राइवेट स्कूल की ओर से 10वीं व 12वीं कक्षा पास करने वाले बच्चों की एसएलसी न देने पर डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि उनकी एसएलसी शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्राइवेट स्कूल द्वारा मनमानी की जाती है या कोई शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के खिलाफ कार्यवाही अमल में लाई जाए। समाधान शिविर में वार्ड नंबर-15 निवासी राजेश कुमार की मौके पर ही बुढ़ापा पेंशन भी बनाई गई।
डीसी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और किसी भी शिकायत को लंबित न रखें उसका तुरंत समाधान करना सुनिश्चित करें। इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, डीडीपीओ नरेन्द्र सारवान, डीआरओ प्रदीप देशवाल, डीएसपी पवन कुमार मौजूद रहे।