संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। कुतुबपुर वार्ड नंबर 31 के मोहल्ला जसवंत नगर पचावला में दामोदर मंदिर के पास सीवर ओवरफ्लो होने से 15 दिनों से सड़क पर दूषित पानी बह रहा है जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका जताई है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी प्रशासन और निगम के अधिकारियों ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने कई बार अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला। न तो सीवर लाइन की सफाई की गई, न ही ओवरफ्लो रोकने के लिए कोई अस्थायी समाधान किया गया।
नतीजा ये है कि सीवर का पानी अब घरों के आगे तक जमा हो चुका है। दुर्गंध से वातावरण प्रदूषित हो रहा है। बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। बारिश होने पर यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है।
स्थानीय निवासी प्रदीप, राजेश कुमार, सतीश और अनिल ने बताया कि दूषित पानी के चलते संक्रामक बीमारी फैलने की आशंका है। सीवर की सफाई कराई जाए। इसके साथ ही पूरे मोहल्ले में सीवर व्यवस्था की जांच और मरम्मत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या दोबारा न हो।