संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। नव सृष्टि योग एवं शोध संस्थान की ओर से निशुल्क योग व संस्कार शिविर का आयोजन जीआर अकादमी के सहयोग से गढ़ी बोलनी रोड स्थित रेजांगला पार्क में किया गया। शिविर का शुभारंभ नव सृष्टि योग एवं शोध संस्थान के संस्थापक डॉ. युद्धवीर योगी और मास्टर महिपाल यादव ने मंत्रोच्चार के साथ किया। इस दौरान बच्चों को योगाभ्यास कराया गया।
ताड़ासन, वृक्षासन, गरुड़ासन, चक्रासन व सूर्यनमस्कार का अभ्यास कराकर इसके लाभ बताए गए। उन्होंने बच्चों को बताया कि विद्यार्थी जीवन ब्रह्मचर्य काल है। इस काल में विद्यार्थियों को शरीर में बल एवं बुद्धि का सृजन करना चाहिए। हमारे शरीर में शुक्र धातु सबसे अहम है, जिसका रक्षण करना एक विद्यार्थी का परम कर्तव्य है। आज के समय में कम उम्र में बच्चे गलत संगत में पड़ रहे हैं जो समाज के लिए चिंता का विषय है। मास्टर महिपाल ने बच्चों को ध्यान का अभ्यास करवाया तथा योग प्रशिक्षक डॉ. युद्धवीर का धन्यवाद करते हुए भविष्य में आगे इसी प्रकार योग एवं संस्कार शिविर लगाने का अनुरोध किया।