सेक्टर-1 स्थित कार्यालय में समस्या सुनते डॉ. सतीश खोला। स्रोत : प्रवक्ता
- फोटो : 1
रेवाड़ी। सेक्टर-1 स्थित कार्यालय में पीपीपी स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला के कार्यालय पर जन शिकायत निवारण कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों से आए कुल 125 नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कैंप के दौरान नागरिकों द्वारा परिवार पहचान पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, बिजली-पानी से संबंधित समस्याएं, सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही दिक्कतें तथा अन्य प्रशासनिक विषयों से जुड़ी शिकायतें दर्ज करवाई गईं।
डॉ. सतीश खोला ने बताया कि सरकार की मंशा है कि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से जन शिकायत निवारण कैंप आयोजित किए जा रहे हैं ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान एक ही स्थान पर त्वरित रूप से किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
कैंप में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि कुछ मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर जानकारी उपलब्ध करवाई जाए।